शपथ ग्रहण समारोह से पहले पटना ट्रैफिक प्लान जारी, जानिए कौन सा रास्ता रहेगा बंद

Patna Traffic Plan: 7 मई को पटना के गांधी मैदान में शपथ ग्रहण समारोह और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे को लेकर राजधानी की ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह बदली रहेगी. सुबह 8 बजे से दोपहर 3 बजे तक कई प्रमुख मार्गों पर आम वाहनों की एंट्री बंद रहेगी, जबकि कई रास्तों पर रूट डायवर्जन लागू रहेगा.

Patna Traffic Plan: सात मई को गांधी मैदान में आयोजित होने वाले शपथ ग्रहण समारोह और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आने को लेकर पटना शहर की यातायात व्यवस्था बदली रहेगी. इस दौरान एंबुलेंस, शव वाहन, आमंत्रित अतिथि, पासधारकों को छोड़कर सुबह आठ बजे से दोपहर तीन बजे कार्यक्रम समाप्ति तक आम लोगों के वाहनों का परिचालन कई रूट पर नहीं होगा. साथ ही कई जगहों पर रूट डायवर्ट भी किया गया है. एयरपोर्ट और गांधी मैदान की ओर किसी भी दिशा से आम लोगों के वाहनों का परिचालन नहीं होगा. साथ ही एयरपोर्ट से लेकर गांधी मैदान तक आने वाले मार्ग में भी वाहनों के परिचालन पर प्रतिबंध रहेगा.

इन रूटों पर वाहनों के परिचालन पर रहेगा प्रतिबंध

  1. डुमरा टीओपी (शेखपुरा मोड़) से एयरपोर्ट की
  2. एयरपोर्ट गोलंबर से पूरब पटेल गोलबंर तक
  3. राजेंद्र चौक से पटेल गोलंबर की ओर
  4. चितकोहरा गोलंबर से उत्तर, गर्दनीबाग आरओबी व आर ब्लॉक आरओबी के उत्तर
  5. नेहरू पथ पर बोरिंग रोड क्राॅसिंग से पूरब दोनों फ्लैक पर व किदवईपुरी से आयकर गोलंबर की ओर
  6. आर ब्लाॅक के नीचे और दारोगा राय पथ से वीरचंद पटेल पथ व अदालतगंज पूर्वी छोर से वीरचंद पटेल पथ पर
  7. आयकर गोलंबर से डाकबंगला चौराहा होते हुए चिल्ड्रेन पार्क तक
  8. भट्टाचार्या चौराहा से उत्तर गांधी मैदान की ओर और पटना जंक्शन से डाकबंगला की ओर
    पुलिस लाइन तिराहा से गांधी मैदान की ओर

डाकबंगला चौराहा से पटना जंक्शन गोलंबर तक पार्किंग नहीं

जेपी गोलंबर से डाकबंगला चौराहा तक व डाकबंगला चौराहा से पटना जंक्शन गोलंबर तक के मार्ग, रामगुलाम चौक से दक्षिण एक्जीबिशन रोड में सड़क पर, जिलाधिकारी आवास (चिल्ड्रेन पार्क) से पुलिस लाइन तिराहा तक, गांधी मैदान के बाहर चारों तरफ सड़क पर किसी भी प्रकार के वाहन, ठेला, खोमचा की पार्किंग वर्जित रहेगी.

यहां से नहीं होगा आना-जाना

आइएमए हाॅल, होटल पनाश, ट्वीन टावर, मौर्या होटल के सभी कटिंग से गांधी मैदान की ओर भी किसी भी प्रकार के वाहनों का आवागमन नहीं होगा. अशोक राजपथ में जामुन गली मोड़ से पश्चिम (कारगिल चौक) की तरफ किसी भी प्रकार के वाहन के परिचालन पर प्रतिबंध रहेगा.

एयरपोर्ट जाने वाले यात्री यथासंभव जगदेव पथ का प्रयोग कर सकते हैं. गांधी मैदान क्षेत्र में स्थित कार्यालय में कार्य करने वाले कर्मचारी जेपी गंगा पथ व अशोक राजपथ में डबल डेकर ब्रिज के नीचे वाहनों की पार्किंग कर सकते हैं. इसके बाद वहां से पैदल अपने कार्यालय तक जा सकते हैं.

बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें

गांधी मैदान के इस गेट से मिलेगा प्रवेश

गांधी मैदान गेट नं-12 से शपथ ग्रहण हेतु मंत्रीगण व अन्य मंचासीन पास धारक के वाहनों का प्रवेश होगा एवं निर्धारित स्थल पर पार्क होगा. अतिविशिष्ट व विशिष्ट (कार्यक्रम के एक घंटा पूर्व) का प्रवेश गांधी मैदान गेट नं-चार से होगा व गांधी मैदान के अंदर गेट नं-4 के सामने खाली स्थान पर कतारबद्ध तरीके से पार्किंग करायी जायेगी.

पार्किंग दीर्घा भर जाने की स्थिति में वैकल्पिक पार्किंग के रूप में ज्ञान भवन व एएन सिन्हा और मगध महिला कॉलेज के पार्किंग परिसर में पार्किंग करायी जायेगी. कार्यक्रम में शामिल होने के लिए कृष्णाघाट अशोक राजपथ से आने वालों का प्रवेश गांधी मैदान गेट नं-7,8, 9 एवं 10 से कराया जायेगा. गेट नं-11 से मीडिया कर्मी के वाहनों का प्रवेश होगा.

इसे भी पढ़ें: सम्राट कैबिनेट का विस्तार कल, जदयू-भाजपा और NDA मंत्रियों की संभावित सूची में किसका-किसका नाम

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Paritosh Shahi

परितोष शाही डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत राजस्थान पत्रिका से की. अभी प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम में काम कर रहे हैं. देश और राज्य की राजनीति, सिनेमा और खेल (क्रिकेट) में रुचि रखते हैं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >