पटना: ड्यूटी में लापरवाही पर दारोगा निलंबित, यातायात व्यवस्था सुधारने को सख्त हुआ महकमा

Patna traffic: पटना यातायात पुलिस ने शहर में जाम की समस्या से निपटने के लिए सख्ती बढ़ा दी है. ड्यूटी में लापरवाही बरतने पर एक दारोगा को निलंबित कर दिया गया है. 360 अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती से व्यवस्था को और बेहतर बनाने का दावा किया जा रहा है.

Patna traffic: राजधानी पटना में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने और जाम की समस्या पर प्रभावी नियंत्रण के लिए यातायात पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है. यातायात पुलिस के वरीय अधिकारी लगातार सड़कों पर उतरकर औचक निरीक्षण कर रहे हैं. इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक (यातायात) सागर झा ने बोरिंग रोड चौराहा का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान ड्यूटी में लापरवाही पाए जाने पर वहां प्रतिनियुक्त पुलिस अवर निरीक्षक (पुअनि) बेबी कुमारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया. उनके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई शुरू करते हुए स्पष्टीकरण भी मांगा गया है.

ड्यूटी में लापरवाही बर्दाश्त नहीं

यातायात एसपी सागर झा ने स्पष्ट कहा कि ड्यूटी के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. राजधानी की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नियमित रूप से औचक निरीक्षण किया जा रहा है और लापरवाह पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.

360 अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की हुई तैनाती

हाल ही में पटना यातायात पुलिस को 360 अतिरिक्त पुलिसकर्मी मिले हैं. इनकी तैनाती के बाद प्रमुख चौक-चौराहों और व्यस्त मार्गों पर निगरानी बढ़ा दी गई है. अतिरिक्त पुलिस बल की मदद से जाम की समस्या कम करने, यातायात संचालन को अधिक व्यवस्थित बनाने और आम लोगों को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया जा रहा है.

जाम नियंत्रण के लिए लगातार हो रहा निरीक्षण

यातायात पुलिस की ओर से राजधानी के विभिन्न इलाकों में नियमित रूप से औचक निरीक्षण किया जा रहा है. अधिकारियों का कहना है कि यातायात व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए पुलिसकर्मियों की जवाबदेही तय की जा रही है. ड्यूटी में लापरवाही मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी, जबकि बेहतर कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को प्रोत्साहित भी किया जाएगा.

Also Read: पटना हाईकोर्ट ने कहा- महिला की छाती दबाना और सलवार हटाने की कोशिश दुष्कर्म का प्रयास नहीं, बल्कि लज्जा भंग का अपराध



प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Anand singh

Published by: Nikhil Anurag

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >