Bihar Students Protest: जेल से रिहा होने के बाद पटना विश्वविद्यालय छात्र संघ अध्यक्ष शांतनु शेखर ने जेल प्रशासन और सरकार से कई मांगें उठाईं. उन्होंने कहा कि जेल के खाने की गुणवत्ता में सुधार की जरूरत है, क्योंकि वहां का भोजन अच्छा नहीं है. साथ ही उन्होंने अपने सभी साथियों और जेल में बंद छात्रों को जल्द से जल्द रिहा करने की मांग की.
छात्र सुरक्षित, गुंडागर्दी नहीं हुई
जेल के अंदर छात्रों के साथ व्यवहार को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि छात्रों के साथ किसी प्रकार की गुंडागर्दी नहीं हुई है. हालांकि सभी छात्रों को अलग-अलग सेल में रखा गया था. उन्होंने बताया कि कई सेल में आपराधिक प्रवृत्ति के लोग भी मौजूद थे, लेकिन उनके सभी साथी सुरक्षित हैं.
साथियों की रिहाई के लिए उठाई आवाज
शांतनु शेखर ने कहा कि उनके सभी साथी अभी भी जेल में बंद हैं और उन्हें जल्द से जल्द बाहर निकाला जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि छात्रों के हित में सरकार को संवेदनशीलता दिखाते हुए उनकी रिहाई सुनिश्चित करनी चाहिए.
सजा पूरी कर चुके कैदियों की रिहाई की मांग
शांतनु शेखर ने कहा कि जेल में ऐसे कई कैदी हैं, जिनकी सजा पूरी हो चुकी है, लेकिन उन्हें अब तक रिहा नहीं किया गया है. उन्होंने सरकार से अपील की कि ऐसे कैदियों को भी जल्द से जल्द रिहा किया जाए.
इसे भी पढ़ें- बिहार स्टूडेंट्स प्रोटेस्ट: जेल से जल्द बाहर आएंगे छात्र, सरकार के आदेश के बाद जारी हुआ रिलीज ऑर्डर
