दुल्हिन बाजार में बच्चों का निवाला चुरा रहे चोर, एक ही रात तीन विद्यालयों को बनाया निशाना, चावल समेत सामान पार

Patna School Theft : पटना जिले के दुल्हिन बाजार में एक ही रात तीन सरकारी विद्यालयों में चोरी की घटना सामने आई. चोर बच्चों के मध्याह्न भोजन के लिए रखा चावल, गैस सिलेंडर और पंखे चुरा ले गए. लगातार हो रही वारदातों के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.

पटना (दुल्हिन बाजार) से वेद प्रकाश की रिपोर्ट
Patna School Theft : दुल्हिन बाजार थाना क्षेत्र में चोर अब बच्चों के मध्याह्न भोजन पर भी हाथ साफ कर रहे हैं. शुक्रवार रात चोरों ने तीन विद्यालयों और एक आंगनबाड़ी केंद्र को निशाना बनाते हुए बच्चों के भोजन के लिए रखे गए चावल, गैस सिलेंडर और पंखों की चोरी कर ली. लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से शिक्षकों और ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई है.

तीन विद्यालयों में हुई चोरी

शनिवार सुबह कूकरी बीघा स्थित प्राथमिक विद्यालय की प्रधान शिक्षिका रिभा कुमारी विद्यालय पहुंचीं तो रसोईघर का दरवाजा खुला मिला. जांच करने पर बच्चों के मध्याह्न भोजन के लिए रखा करीब तीन क्विंटल चावल गायब था.

इधर, महाबलीपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय की प्रधान शिक्षिका अमृता कुमारी ने पाया कि विद्यालय के कमरे से करीब साढ़े छह क्विंटल चावल और तीन पंखे चोरी कर लिए गए हैं.

वहीं कटैया पर गांव स्थित न्यू प्राथमिक विद्यालय के प्रधान शिक्षक अवधेश कुमार ने देखा कि विद्यालय के कमरे का ताला तोड़कर एक बोरी चावल और एक गैस सिलेंडर चोरी कर लिया गया है.

थाने में दी गई लिखित शिकायत

तीनों विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों एवं शिक्षिकाओं ने दुल्हिन बाजार थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और चोरी की घटनाओं का खुलासा करने का प्रयास कर रही है.

लगातार हो रही हैं चोरी की वारदातें

ग्रामीणों के अनुसार, पिछले सप्ताह भी कूकरी बीघा स्थित आंगनबाड़ी केंद्र से करीब डेढ़ क्विंटल चावल तथा प्राथमिक विद्यालय से भी चावल चोरी किया गया था. इसके अलावा लाला भदसारा भलुआ, रकसिया और जिआईडी गांव के विद्यालयों में भी हाल के दिनों में चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं. लगातार हो रही वारदातों से विद्यालयों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं.

इसे भी पढ़ें : पटना जंक्शन पर जाली नोट दिखाकर यात्रियों को बनाते थे शिकार, गिरोह का सरगना दिल्ली से गिरफ्तार, कई साथियों की तलाश जारी

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Nikhil Anurag

मूलतः निखिल अनुराग. पेशे से पत्रकार. बुद्ध की धरती पर जन्म. बिहार का सबसे नवीनतम जिला (अरवल) से ताल्लुक. पढ़ाई की शुरूआत गांव से ही. फिर पलायन कर गंगा के तट पटना पहुंचा. ज्ञान की धरती से कुछ तालीम हासिल कर राष्ट्रीय राजधानी की ओर कूच. पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएट ( माखनलाल पत्रकारिता विश्वविद्यालय). नोएडा की धरती पर विद्वतजन से कुछ न कुछ सीखा. करंट अफ़ेयर्स, राजनीति, खेल, अंतरराष्ट्रीय संबंध, गाँव, खेत-किसान पसंदीदा टॉपिक. स्कूल, कॉलेज युनिवर्सिटी में यूथ से गपशप करना एनर्जी का अतिरिक्त स्रोत. साल 2020 में नोएडा से शुरू हुई इस लेखन यात्रा कलम, डेस्कटॉप, लैपटॉप के की-बोर्ड से होते हुए स्मार्ट फोन तक पहुंच गयी. ज्यों-ज्यों उम्र बढ़ रही है, सीखने, पढ़ने, लिखने की भूख भी बढ़ रही है. नोएडा में टीवी न्यूज में काम करने के बाद हिंदुस्तान ग्रूप होते हुए बिहार, झारखंड की सबसे पसंदीदा अखबार प्रभात खबर में कार्यरत. हां एक बात और... पढ़ने-लिखने की जिज्ञासा कभी खत्म नहीं होगी. साहित्य में बेहद दिलचस्पी.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >