‘एक इंच जमीन नहीं देंगे’, पटना में सैटेलाइट टाउनशिप के खिलाफ किसानों का विरोध, मंत्री के सामने हुआ बवाल

Patna Satellite Township: पटना के पुनपुन और नौबतपुर में प्रस्तावित सैटेलाइट टाउनशिप को लेकर किसान और सरकार आमने-सामने हैं. जमीन लेने के लिए लैंड पूलिंग की योजना का किसानों ने विरोध किया. अधिकारियों के साथ बैठक में जमकर नारेबाजी और बहस हुई. किसान जमीन देने से इनकार पर अड़े रहे और बैठक बिना सहमति खत्म हो गई.

Patna Satellite Township: पटना के पुनपुन और नौबतपुर इलाके में प्रस्तावित पाटलिपुत्र ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप को लेकर सरकार और किसानों के बीच मामला गरमा गया है. डेवलपमेंट प्लान 2047 के तहत बनने वाली इस टाउनशिप के लिए जमीन जुटाने की योजना है, लेकिन स्थानीय जमीन मालिक इसके खिलाफ खड़े हो गए हैं.

सरकार लैंड पूलिंग नीति के जरिए जमीन लेने की तैयारी कर रही है. किसानों का कहना है कि उनकी सहमति के बिना उनकी उपजाऊ जमीन नहीं ली जानी चाहिए. इसी मुद्दे पर पटना में हुई एक बैठक के दौरान किसानों और अधिकारियों के बीच जमकर बहस हुई.

अधिकारियों के सामने किसानों ने किया हंगामा

सरकार ने जमीन मालिकों के साथ बातचीत के लिए बैठक बुलाई थी. इसमें बड़ी संख्या में किसान पहुंचे. जैसे ही लैंड पूलिंग के जरिए जमीन लेने की बात सामने आई, किसानों ने इसका विरोध शुरू कर दिया. बैठक में नगर विकास मंत्री नीतीश मिश्रा, विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार, पटना डीएम कुंदन कुमार और नगर आयुक्त यशपाल मीणा समेत कई बड़े अधिकारी मौजूद थे.

किसानों ने अधिकारियों के सामने अपनी नाराजगी जाहिर की और सरकार के खिलाफ नारे लगाने लगे. मामला इतना बढ़ गया कि किसानों और अधिकारियों के बीच तीखी बहस होने लगी. समझाने की कोशिश के बावजूद किसान नहीं माने और नारेबाजी करते हुए बैठक से बाहर निकल गए.

किसानों ने कहा- जमीन नहीं देंगे

किसानों का कहना है कि उनकी जमीन उनकी आजीविका का मुख्य साधन है. उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि किसी भी हालत में टाउनशिप के लिए अपनी उपजाऊ जमीन नहीं देंगे. विरोध के दौरान किसानों ने 'निकलो खेत-खलिहानों से, जंग लड़ो बेईमानों से' और 'बिहार सरकार होश में आओ' जैसे नारे लगाए. कुछ जमीन मालिकों ने यहां तक कहा कि वे अपनी जान दे देंगे, लेकिन टाउनशिप के लिए एक इंच जमीन भी नहीं देंगे.

टाउनशिप का फैसला वापस लेने की मांग

किसानों ने सरकार की ई-पॉलिसी और लैंड पूलिंग व्यवस्था पर भी सवाल उठाए. उनका कहना है कि वे इस पूरी व्यवस्था को स्वीकार नहीं करते हैं. जमीन मालिकों ने सरकार से पाटलिपुत्र ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप का फैसला वापस लेने की मांग की.

किसानों के मुताबिक, राज्य में 12 सैटेलाइट टाउनशिप बनाने की घोषणा के बाद से ही वे लगातार धरना और प्रदर्शन कर रहे हैं. पुनपुन और नौबतपुर के किसानों का विरोध भी इसी कड़ी का हिस्सा है.

मंत्री और अधिकारियों ने समझाने की कोशिश की

बैठक में नगर विकास मंत्री नीतीश मिश्रा और दूसरे अधिकारियों ने किसानों से बातचीत की. उन्हें लैंड पूलिंग के फायदे समझाने और योजना को लेकर उनकी शंकाएं दूर करने की कोशिश की गई. किसान अपनी मांग पर कायम रहे. दोनों पक्षों के बीच सहमति नहीं बन सकी और काफी हंगामे के बाद बैठक बिना किसी ठोस फैसले के खत्म हो गई.

बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें

पुनपुन-नौबतपुर में प्रस्तावित है सैटेलाइट टाउनशिप

पाटलिपुत्र ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप पटना के पुनपुन और नौबतपुर प्रखंड क्षेत्र में प्रस्तावित है. इसे डेवलपमेंट प्लान 2047 के तहत विकसित करने की योजना है. फिलहाल परियोजना के लिए जमीन जुटाने का मुद्दा सबसे बड़ी चुनौती बन गया है. सरकार और किसानों के बीच बातचीत से रास्ता निकलता है या जमीन को लेकर विरोध आगे भी जारी रहता है, यह आने वाले दिनों में साफ होगा.

इसे भी पढ़ें: बिहार में 13 नए एयरपोर्ट की तैयारी, नेपाल सीमा के पास से उड़ेंगे फाइटर प्लेन, 2030 तक का प्लान जानिए


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By परितोष शाही

परितोष शाही डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत राजस्थान पत्रिका से की. अभी प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम में काम कर रहे हैं. देश और राज्य की राजनीति, सिनेमा और खेल (क्रिकेट) में रुचि रखते हैं.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >