27 किलो गांजा की खेप लेकर पटना पहुंचे सुपौल के तीन युवक, पुलिस ने पासवान चौक से दबोचा

पटना में पुलिस ने नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. गोपालपुर थाना क्षेत्र में 27 किलो अवैध गांजा के साथ तीन युवकों को गिरफ्तार किया गया है. जब्त गांजे की कीमत लगभग छह लाख रुपये बताई जा रही है.

Caught with cannabis in Patna : फुलवारी शरीफ के गोपालपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 27 किलो अवैध गांजा के साथ तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों के पास से 1,450 रुपये नकद, तीन स्मार्टफोन, सोने जैसा एक लॉकेट और चांदी जैसा एक ब्रेसलेट बरामद किया है. पुलिस के अनुसार बरामद गांजे की कीमत करीब छह लाख रुपये है.

सुपौल के रहने वाले हैं तीनों आरोपित

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सुपौल जिले के भीमपुर थाना क्षेत्र के ठुथी गांव निवासी चंदन कुमार मेहता (21), पिता महेंद्र मेहता, पवन कुमार (26), पिता श्रीराम मेहता और अजीत कुमार मेहता (20), पिता उमेश मेहता के रूप में हुई है.

पासवान चौक से छापेमारी कर पकड़ा

नगर पुलिस अधीक्षक पूर्वी पटना के निर्देश पर अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और कारोबार करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के लिए सदर-2 अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रंजन कुमार के नेतृत्व में टीम गठित की गयी थी. टीम में गोपालपुर थाना पुलिस के साथ आसूचना संकलन इकाई नगर पूर्वी के पुलिस पदाधिकारी और कर्मी शामिल थे.

पुलिस टीम को बुधवार सुबह सूचना मिली कि संपतचक स्थित पासवान चौक के पास कुछ संदिग्ध गतिविधियां हो रही हैं. सूचना के आधार पर टीम ने पासवान चौक के पास छापेमारी की. इस दौरान तीन संदिग्ध युवकों को पकड़ा गया. तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 27 किलो गांजा बरामद हुआ.

छह लाख रुपये के गांजे की बरामदगी

पुलिस के अनुसार जब्त सामान में 27 किलो गांजा, 1,450 रुपये नकद, तीन स्मार्टफोन, सोने जैसा एक लॉकेट और चांदी जैसा एक ब्रेसलेट शामिल है. बरामद गांजे की कीमत करीब छह लाख रुपये बतायी गयी है.

एनडीपीएस एक्ट में दर्ज हुई प्राथमिकी

गिरफ्तारी और बरामदगी के संबंध में गोपालपुर थाना कांड संख्या 464/26, दिनांक 16 सितंबर 2026 को एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(ii)(सी) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी है.

तस्करी के नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस

पटना सदर पुलिस अनुमंडल पदाधिकारी-2 रंजन कुमार ने बताया कि गांजा तस्करी से जुड़े नेटवर्क की सूचना मिलने के बाद गोपालपुर थाना क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी. इसी क्रम में पुलिस टीम ने कार्रवाई कर तीनों आरोपितों को गिरफ्तार किया.

पुलिस अब गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ कर गांजा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि गांजा नेपाल या आसपास के किसी इलाके से लाकर पटना और आसपास के क्षेत्रों में सप्लाई किया जा रहा था या नहीं.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अजीत कुमार

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >