Ganga Path Stunt viral video: जेपी गंगा पथ पर चलती बाइक में युवक-युवती के स्टंट और किसिंग का वीडियो सामने आने के बाद पटना ट्रैफिक पुलिस ने कार्रवाई की है. मामले में बाइक ऑनर के खिलाफ ट्रैफिक थाना गांधी मैदान में केस दर्ज किया गया है. पुलिस के अनुसार वीडियो पाटलिपुत्र थाना क्षेत्र के कृष्णा घाट के पास जेपी गंगा पथ का है.
5 सितंबर की शाम शूट हुआ था वीडियो
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार वीडियो 5 सितंबर को शाम करीब 5:30 बजे शूट किया गया था. वीडियो में स्पलेंडर बाइक का इस्तेमाल किया गया है. बाइक के नंबर के आधार पर उसके ऑनर चालक दीपक कुमार की पहचान की गयी है. वह पटना सिटी के मोगलपुरा का रहने वाला बताया गया है. पुलिस ने युवक और युवती के खिलाफ बीएनएस की धारा 281 के तहत मामला दर्ज किया है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.
चलती बाइक पर स्टंट करते दिखे युवक-युवती
सामने आये वीडियो में युवक बाइक चला रहा था और युवती उसके साथ बैठी थी. दोनों एक-दूसरे से लिपटे और किस करते हुए नजर आ रहे थे. दोनों ने हेलमेट नहीं पहना था. चलती बाइक पर इस तरह की गतिविधि से वाहन पर नियंत्रण प्रभावित होने और दुर्घटना का खतरा बढ़ने की बात पुलिस ने कही है.
सार्वजनिक जगह पर स्टंट नहीं करने की अपील
ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से सार्वजनिक सड़कों पर इस तरह के स्टंट नहीं करने की अपील की है. पुलिस ने कहा कि यातायात नियमों का पालन करना जरूरी है और सड़क पर किसी भी तरह की लापरवाही से खुद के साथ दूसरे लोगों की सुरक्षा भी प्रभावित हो सकती है.
