Patna Metro: तकनीकी खराबी दूर, 18 घंटे बाद पटरी पर लौटी पटना मेट्रो, यात्रियों ने किया सफर

Patna Metro: पटना में पहली बार मेट्रो रेल सेवा तकनीकी खराबी के कारण साढ़े 18 घंटे तक ठप रही. उद्घाटन के 76 दिन बाद आई इस रुकावट से क्रिसमस पर मेट्रो घूमने पहुंचे लोग निराश हो गए.

Patna Metro: बिहार की राजधानी पटना में पहली बार मेट्रो रेल सेवा पूरी तरह ठप हो गई. तकनीकी खामी के चलते पटना मेट्रो का परिचालन करीब साढ़े 18 घंटे तक बंद रहा, जिससे खासकर क्रिसमस के दिन मेट्रो की सैर करने पहुंचे लोगों को निराशा हाथ लगी. गड़बड़ी दूर किए जाने के बाद गुरुवार दोपहर 3:30 बजे भूतनाथ स्टेशन से मेट्रो सेवा दोबारा शुरू कर दी गई.

पटना मेट्रो ने ट्वीट कर दी जानकारी

यह घटना पटना मेट्रो के इतिहास में पहली है, जब उद्घाटन के लगभग 76 दिनों बाद सेवा अचानक बंद करनी पड़ी. बुधवार को मेट्रो ट्रेन स्टार्ट नहीं हो सकी, जिसके पीछे सॉफ्टवेयर अपडेट से जुड़ी तकनीकी समस्या बताई जा रही है. अधिकारियों के अनुसार, सिस्टम में आवश्यक अपडेट नहीं होने के कारण ट्रेन का परिचालन संभव नहीं हो पाया.

इन तीन स्टेशनों के बीच हो रहा मेट्रो का संचालन

फिलहाल पटना मेट्रो का संचालन भूतनाथ, जीरो माइल और न्यू पाटलिपुत्र बस टर्मिनल. इन तीन स्टेशनों के बीच ही हो रहा है. सीमित दायरे में सेवा होने के कारण मेट्रो बंद रहने से आम जनजीवन पर बड़ा असर नहीं पड़ा, लेकिन त्योहार के दिन घूमने आए यात्रियों की उम्मीदों पर जरूर पानी फिर गया.

क्रिसमस पर लौटी मायूसी

क्रिसमस के अवसर पर बड़ी संख्या में लोग पटना मेट्रो में सफर करने और बच्चों को घुमाने के लिए स्टेशनों पर पहुंचे थे. हालांकि, स्टेशन पहुंचने पर जब उन्हें मेट्रो सेवा बंद होने की जानकारी मिली, तो सैकड़ों लोगों को बिना यात्रा किए ही वापस लौटना पड़ा. कई यात्रियों ने सोशल मीडिया पर भी नाराजगी जाहिर की.

6 अक्टूबर को हुआ था उद्घाटन

पटना मेट्रो का उद्घाटन इसी साल 6 अक्टूबर को हुआ था. 7 अक्टूबर से 24 दिसंबर तक कुल 76 दिनों तक मेट्रो का परिचालन बिना किसी रुकावट के चलता रहा. लेकिन 77 वें दिन तकनीकी कारणों से सेवा ठप हो गई, जिसने मेट्रो प्रबंधन की तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए.

नए साल में मेट्रो का दायरा बढ़ेगा

हालांकि राहत की बात यह है कि नए साल 2026 में पटना मेट्रो के विस्तार की तैयारी तेज है. सूत्रों के मुताबिक, जनवरी के अंत तक प्राथमिक कॉरिडोर पर भूतनाथ स्टेशन से मलाही पकड़ी तक मेट्रो सेवा शुरू कर दी जाएगी. इस कॉरिडोर की कुल लंबाई 6.107 किलोमीटर है, जिसमें से फिलहाल करीब 2.9 किलोमीटर ट्रैक पर ही मेट्रो दौड़ रही है.

हालांकि, खेमनीचक स्टेशन पर अभी मेट्रो का ठहराव नहीं होगा, क्योंकि वहां निर्माण कार्य अधूरा है. मेट्रो प्रशासन का दावा है कि तकनीकी खामियों को दूर कर भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न आए, इसके लिए सिस्टम की नियमित जांच और अपडेट सुनिश्चित किए जाएंगे.

Also Read: Patna Zoo: नए साल पर पटना जू और पार्कों के बढ़े टिकट के दाम, आज से शुरू हुई ऑनलाइन बुकिंग

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

अभिनंदन पांडेय पिछले दो वर्षों से डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से की और दैनिक जागरण, भोपाल में काम किया. वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के हिस्सा हैं. राजनीति, खेल और किस्से-कहानियों में उनकी खास रुचि है. आसान भाषा में खबरों को लोगों तक पहुंचाना और ट्रेंडिंग मुद्दों को समझना उन्हें पसंद है. अभिनंदन ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से की. पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने पत्रकारिता की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. खबरों को सही तरीके से लोगों तक पहुंचाने की सोच ने उन्हें इस क्षेत्र की ओर आकर्षित किया. दैनिक जागरण में रिपोर्टिंग के दौरान उन्होंने भोपाल में बॉलीवुड के कई बड़े कलाकारों और चर्चित हस्तियों के इंटरव्यू किए. यह अनुभव उनके करियर के लिए काफी अहम रहा. इसके बाद उन्होंने प्रभात खबर डिजिटल में इंटर्नशिप की, जहां उन्होंने डिजिटल पत्रकारिता की वास्तविक दुनिया को करीब से समझा. बहुत कम समय में उन्होंने रियल टाइम न्यूज लिखना शुरू कर दिया. इस दौरान उन्होंने सीखा कि तेजी के साथ-साथ खबर की सटीकता भी बेहद जरूरी होती है. फिलहाल वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के साथ काम कर रहे हैं. बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने कई बड़ी खबरों को रियल टाइम में कवर किया, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और वीडियो कंटेंट भी तैयार किए. उनकी कोशिश हमेशा यही रहती है कि पाठकों और दर्शकों तक सबसे पहले, सही और भरोसेमंद खबर पहुंचे. पत्रकारिता में उनका लक्ष्य लगातार सीखते रहना, खुद को बेहतर बनाना और एक विश्वसनीय पत्रकार के रूप में अपनी पहचान मजबूत करना है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >