Patna News:(हिमांशु देव की रिपोर्ट) राजधानी स्थित श्रीकृष्ण विज्ञान केंद्र में 24 मई से समर वेकेशन हॉबी कैंप 2026 का आयोजन किया जाएगा. यह कैंप स्कूली बच्चों के लिए विशेष रूप से तैयार किया गया है, जिसमें विज्ञान और तकनीक से जुड़े विषयों पर प्रयोग आधारित प्रशिक्षण दिया जाएगा.
कक्षा 4 से 12वीं तक के छात्र ले सकेंगे भाग
विज्ञान केंद्र की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार इस कैंप में कक्षा चार से लेकर बारहवीं तक के विद्यार्थी हिस्सा ले सकते हैं. बच्चों को खगोल विज्ञान, जीवन विज्ञान, इलेक्ट्रॉनिक्स, गणित, रोबोटिक्स, रसायन विज्ञान और कंप्यूटर प्रोग्रामिंग जैसे विषयों की जानकारी सरल और रोचक तरीके से दी जाएगी.
एक्टिविटी बेस्ड लर्निंग पर रहेगा जोर
कैंप में प्रशिक्षण पूरी तरह गतिविधि आधारित होगा, ताकि बच्चे पढ़ाई के साथ-साथ प्रयोग कर सीख सकें. इसका उद्देश्य बच्चों में वैज्ञानिक सोच विकसित करना और उन्हें नई चीजें सीखने के लिए प्रेरित करना है.
विभिन्न रोचक कार्यशालाओं का होगा आयोजन
कैंप के दौरान कॉस्मिक वंडर्स, बायो क्वेस्ट, बिल्ड एंड लर्न, ग्रो विदाउट सॉयल, कोड एंड क्रिएट, फिजिक्स इन योर हैंड्स, केमिस्ट्री इन कलर्स और नंबर्स एंड बियॉन्ड जैसी कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी. हर कार्यशाला के लिए अलग-अलग तिथि, आयु सीमा और शुल्क निर्धारित किया गया है.
ऑनलाइन पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध
विज्ञान केंद्र के परियोजना निदेशक ने बताया कि कैंप का मुख्य उद्देश्य बच्चों में विज्ञान के प्रति रुचि बढ़ाना और उनकी रचनात्मकता को प्रोत्साहित करना है.इच्छुक विद्यार्थी ऑनलाइन पंजीकरण https://tinyurl.com/ssc-SummerCamp कर सकते हैं. अधिक जानकारी के लिए विज्ञान केंद्र के कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है.
ALSO READ: पटना के बिहटा में लई बाजार में फायरिंग और मारपीट करने वाला आरोपी गिरफ्तार
