पटना पुलिस ने 48 घंटे के भीतर किया 'व्यवसायी' अपहरण मामले का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार

Patna News: गोपालपुर थाना क्षेत्र से अपहृत वाहन व्यवसायी सौरभ सुमन को पुलिस ने गया से सकुशल बरामद कर लिया. वाहन और लेनदेन विवाद से जुड़े इस मामले में एसआईटी की कार्रवाई के दौरान तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है.

Patna News: (अजीत कुमार की रिपोर्ट) गोपालपुर थाना क्षेत्र से अपहृत युवक सौरभ सुमन को पुलिस ने गया जिले से सकुशल बरामद कर लिया है. मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीन आरोपितों को भी गिरफ्तार किया है. अपहरण की घटना वाहन और लेनदेन संबंधी विवाद से जुड़ी बताई जा रही है.

पुलिस के अनुसार सौरभ सुमन मूल रूप से नालंदा जिले के औंगारी गांव के रहने वाले हैं और वर्तमान में गोपालपुर थाना क्षेत्र के चैनपुर स्थित गायत्री इंक्लेव अपार्टमेंट में रहकर वाहन भाड़ा का व्यवसाय करते थे. 13 जून को गया जिले के कुछ लोगों ने वाहन एवं लेनदेन के विवाद में उनका अपहरण कर लिया था.

पिता के आवेदन पर दर्ज हुआ मामला

घटना के बाद अपहृत के पिता अवधेश कुमार के लिखित आवेदन पर गोपालपुर थाना कांड संख्या 281/26 दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (नगर पूर्वी) के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-2 के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया.

एसआईटी ने गया में की छापेमारी

एसआईटी ने तकनीकी साक्ष्य और मानवीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए कांड का सफल उद्भेदन किया. पुलिस टीम ने गया जिले में छापेमारी कर सौरभ सुमन को सकुशल मुक्त कराया और तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया.

तीन आरोपित गिरफ्तार

गिरफ्तार आरोपितों में गया जिले के मगध मेडिकल थाना क्षेत्र के काजीचक निवासी राजेश कुमार उर्फ लंकेश कुमार, मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बारागंधार निवासी सोनू कुमार उर्फ राकेश कुमार तथा कैया निवासी सुधीर कुमार शामिल हैं.

छापेमारी दल में शामिल थे ये अधिकारी

छापेमारी दल में गोपालपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार सिंह, पुअनि सौरभ कुमार, अपर पुलिस अवर निरीक्षक अनिल कुमार तथा गृह रक्षक के जवान शामिल थे. पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है तथा अन्य आरोपितों की भूमिका की भी जांच की जा रही है.

इसे भी पढ़ें: शाहाबाद बनेगा शिक्षा का केंद्र, हर प्रखंड में खुलेंगे डिग्री कॉलेज और मॉडल स्कूल: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Nikhil Anurag

मूलतः निखिल अनुराग. पेशे से पत्रकार. बुद्ध की धरती पर जन्म. बिहार का सबसे नवीनतम जिला (अरवल) से ताल्लुक. पढ़ाई की शुरूआत गांव से ही. फिर पलायन कर गंगा के तट पटना पहुंचा. ज्ञान की धरती से कुछ तालीम हासिल कर राष्ट्रीय राजधानी की ओर कूच. पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएट ( माखनलाल पत्रकारिता विश्वविद्यालय). नोएडा की धरती पर विद्वतजन से कुछ न कुछ सीखा. करंट अफ़ेयर्स, राजनीति, खेल, अंतरराष्ट्रीय संबंध, गाँव, खेत-किसान पसंदीदा टॉपिक. स्कूल, कॉलेज युनिवर्सिटी में यूथ से गपशप करना एनर्जी का अतिरिक्त स्रोत. साल 2020 में नोएडा से शुरू हुई इस लेखन यात्रा कलम, डेस्कटॉप, लैपटॉप के की-बोर्ड से होते हुए स्मार्ट फोन तक पहुंच गयी. ज्यों-ज्यों उम्र बढ़ रही है, सीखने, पढ़ने, लिखने की भूख भी बढ़ रही है. नोएडा में टीवी न्यूज में काम करने के बाद हिंदुस्तान ग्रूप होते हुए बिहार, झारखंड की सबसे पसंदीदा अखबार प्रभात खबर में कार्यरत. हां एक बात और... पढ़ने-लिखने की जिज्ञासा कभी खत्म नहीं होगी. साहित्य में बेहद दिलचस्पी.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >