Patna News: (आनंद तिवारी की रिपोर्ट) राजधानी पटना के शास्त्रीनगर स्थित लोक नायक जय प्रकाश नारायण (एलएनजेपी) अस्पताल में इलाज कराने आने वाले मरीजों के लिए राहत भरी खबर है। अस्पताल परिसर में बन रहे 400 बेड के नए भवन की ओपीडी जुलाई माह से शुरू कर दी जाएगी। नई ओपीडी में प्रतिदिन करीब 1500 मरीजों का इलाज किया जाएगा। अस्पताल प्रशासन ने इसकी तैयारियां तेज कर दी हैं।
बढ़ेगी ओपीडी की क्षमता
वर्तमान में पुराने भवन की ओपीडी में प्रतिदिन लगभग 400 से 500 मरीजों का इलाज किया जाता है। लेकिन नए भवन के शुरू होने के बाद चिकित्सकों की संख्या बढ़ाई जाएगी, जिससे अधिक मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि नई व्यवस्था पूरी तरह आधुनिक सुविधाओं से लैस होगी।
45 करोड़ की आधुनिक मशीनें खरीदी जाएंगी
अस्पताल के निदेशक डॉ. राकेश कुमार चौधरी ने बताया कि नए भवन का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है। यहां विश्वस्तरीय आधुनिक मशीनें और मेडिकल उपकरण लगाए जाएंगे। इसके लिए करीब 45 करोड़ रुपये की लागत से मशीनें और विभिन्न इंस्ट्रूमेंट खरीदे जा रहे हैं। अगले दो महीनों में सभी जरूरी कार्य पूरे कर लिए जाएंगे, जिसके बाद ओपीडी सेवा शुरू हो जाएगी।
रोबोटिक सर्जरी की भी होगी सुविधा
अस्पताल में आने वाले दिनों में रोबोटिक्स सिस्टम के जरिए ऑपरेशन की सुविधा भी शुरू की जाएगी। इसमें हड्डी रोग और न्यूरो सर्जरी जैसी जटिल सर्जरी शामिल होंगी। इससे ऑपरेशन अधिक सुविधाजनक और मरीजों के लिए सुरक्षित हो सकेगा।
150 डॉक्टर, नर्स और स्टाफ की होगी नियुक्ति
नए भवन में मरीजों की संख्या बढ़ने को देखते हुए अस्पताल प्रशासन ने 150 नई नियुक्तियों का प्रस्ताव स्वास्थ्य विभाग को भेजा है। इसमें चिकित्सक, जूनियर डॉक्टर, नर्स और पैरामेडिकल स्टाफ शामिल होंगे। निदेशक डॉ. राकेश कुमार ने बताया कि भर्ती प्रक्रिया को लेकर विभाग को पत्र भेज दिया गया है।
