धनरूआ में खरीफ महाअभियान की शुरुआत, जैविक और आधुनिक खेती अपनाने का आह्वान

Patna News: धनरूआ कृषि कार्यालय परिसर में खेत बचाओ अभियान के तहत शारदीय खरीफ महाअभियान की शुरुआत की गई. कार्यक्रम में किसानों को जैविक खेती, बीज उपचार, जल प्रबंधन और आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी दी गई.

Patna News (मसौढ़ी से अजय कुमार की रिपोर्ट)
धनरूआ प्रखंड कृषि कार्यालय परिसर में खेत बचाओ अभियान के तहत शारदीय खरीफ महाअभियान का शुभारंभ किया गया. आत्मा के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में किसानों को जैविक और आधुनिक खेती के प्रति जागरूक करते हुए टिकाऊ कृषि पद्धतियों को अपनाने का आह्वान किया गया.

दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का हुआ उद्घाटन

कार्यक्रम का उद्घाटन प्रखंड प्रमुख बबीता देवी और प्रखंड कृषि पदाधिकारी विवेकानंद ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया. इस दौरान किसानों को कृषि क्षेत्र में नई तकनीकों को अपनाने और आधुनिक पद्धति से खेती करने की सलाह दी गई.

किसानों को दिया गया वैज्ञानिक खेती का प्रशिक्षण

प्रशिक्षण सत्र में कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को वैज्ञानिक खेती, बीज उपचार और जल प्रबंधन की बारीकियों की जानकारी दी. विशेषज्ञों ने बताया कि खेती में वैज्ञानिक तरीकों के इस्तेमाल से उत्पादन बढ़ाने के साथ लागत को भी कम किया जा सकता है.

मिट्टी की उर्वरता बचाने पर दिया गया जोर

कार्यक्रम का मुख्य केंद्र खेत बचाओ अभियान रहा. इसके तहत किसानों को मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने और टिकाऊ खेती को बढ़ावा देने के उपाय बताए गए. विशेषज्ञों ने कहा कि लगातार रासायनिक उर्वरकों के उपयोग से मिट्टी की गुणवत्ता प्रभावित होती है, इसलिए जैविक खेती को बढ़ावा देना जरूरी है.

मोटे अनाज और जैविक खेती अपनाने की सलाह

कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को रासायनिक कीटनाशकों के बजाय जैविक विकल्पों को अपनाने और मोटे अनाज (मिलेट्स) की खेती बढ़ाने की सलाह दी. उन्होंने कहा कि इससे उत्पादन लागत कम होगी, फसल की गुणवत्ता बेहतर होगी और किसानों की आय में भी वृद्धि होगी.

सरकारी योजनाओं की भी दी गई जानकारी

प्रशिक्षण कार्यक्रम में आसपास के गांवों से पहुंचे दर्जनों किसानों ने हिस्सा लिया. अधिकारियों ने किसानों को कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं और नई तकनीकों की जानकारी दी. साथ ही प्रशिक्षण में मिली जानकारी को खेतों में लागू कर खेती को लाभकारी बनाने का आह्वान किया. कार्यक्रम में प्रखंड पशुपालन पदाधिकारी, कृषि समन्वयक, किसान सलाहकार और कई प्रगतिशील किसान मौजूद रहे.

Also Read: कराटे प्रतियोगिता में बिहटा के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन, एक स्वर्ण समेत चार पदक जीते

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Vikash Jha

विकाश झा एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार और कंटेंट प्रोफेशनल हैं, जिन्हें मीडिया, डिजिटल कंटेंट और सोशल मीडिया कम्युनिकेशन के क्षेत्र में छह वर्षों से अधिक का अनुभव है। वर्तमान में वह प्रभात खबर में सीनियर कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने पटना यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन में स्नातक और माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (MCU), भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर की शिक्षा प्राप्त की है। पत्रकारिता की शुरुआत वर्ष 2020 में भोपाल से हुई, जिसके बाद उन्होंने ETV Bharat, Bharat Express और News24 जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में विभिन्न जिम्मेदार भूमिकाओं का निर्वहन किया। News24 से आगे बढ़ते हुए उन्होंने Adglobal360 India Pvt. Ltd. के माध्यम से बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) में कंटेंट राइटर के रूप में कार्य किया। स्पोर्ट्स, हाइपरलोकल और पॉलिटिकल पत्रकारिता उनकी विशेष रुचि और विशेषज्ञता के क्षेत्र हैं। क्रिकेट के प्रति उनका गहरा लगाव है और वे क्रिकेट को सिर्फ एक खेल नहीं, बल्कि अपनी लेखनी का महत्वपूर्ण विषय मानते हैं। उन्हें यात्रा करना, नए लोगों और स्थानों को जानना तथा समाज और राजनीति से जुड़े विषयों पर लिखना पसंद है। मूल रूप से बिहार के समस्तीपुर जिले के रहने वाले विकाश डिजिटल मीडिया की तेज रफ्तार दुनिया में तथ्यों पर आधारित, प्रभावशाली और पाठक-केंद्रित कंटेंट तैयार करने के लिए जाने जाते हैं।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >