patna news: (संजय कुमार की रिपोर्ट) दानापुर नगर परिषद क्षेत्र के 45 वार्डों में रोशनी व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से 15 हजार स्ट्रीट लाइट लगाने की महत्वाकांक्षी योजना का गुरुवार को शुभारंभ किया गया. इस योजना का उद्घाटन गोला रोड स्थित मंदिर के समीप आयोजित कार्यक्रम में बिहार सरकार के सहकारिता मंत्री सह स्थानीय विधायक रामकृपाल यादव ने किया.
समय सीमा में कार्य पूरा करे एजेंसी – मंत्री
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री रामकृपाल यादव ने कार्यदायी एजेंसी को निर्धारित समय सीमा के अंदर कार्य पूरा करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि पहले अंधेरे के कारण महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी रहती थी और आपराधिक घटनाओं की आशंका रहती थी, जिसे देखते हुए यह योजना शुरू की गई है.
नगर परिषद ने दी परियोजना की विस्तृत जानकारी
नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी सह प्रशासक पंकज कुमार ने बताया कि इस योजना के तहत 45 वार्डों में लगभग 13 करोड़ 2 लाख 3 हजार 275 रुपये की लागत से करीब 15 हजार स्ट्रीट लाइट लगाई जाएंगी. इससे शहर के प्रमुख मार्गों, रिहायशी इलाकों, संकरी गलियों और चौराहों को रोशन किया जाएगा. परियोजना पूरी होने के बाद रात के समय आवागमन में सुविधा बढ़ेगी और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी. नगर परिषद का दावा है कि इससे शहर के सभी इलाकों में बेहतर प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी.
कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
इस अवसर पर नगर परिषद के अधिकारी रवि कुमार, नगर प्रबंधक अमरेंद्र कुमार, ब्रजेश सिंह, कनीय अभियंता दिवाकर कुमार, प्रधान लिपिक सुभाष कुमार, पप्पू कुमार, अंकुर कुमार, संजय कुमार, भाजपा नेता शंकर सिंह, संजोज यादव, अखिलेश कुमार, राजेश शर्मा, अवधेश सिंह, शशि कुमार, मनोज मास्टर, राकेश कुमार, गणेश यादव, संजय सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे.
