Patna News (बिहटा से मोनु कुमार मिश्रा की रिपोर्ट)
बिहटा-आरा मुख्य सड़क पर श्रीरामपुर एयरफोर्स गेट के समीप रविवार को ट्रक और कार के बीच हुई भीषण टक्कर में बड़ा हादसा टल गया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. हालांकि कार में लगे एयरबैग समय पर खुल जाने से चालक को गंभीर चोट नहीं आई और उसकी जान बच गई.
टक्कर के बाद मची अफरा-तफरी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों वाहनों के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हुई. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और सड़क पर लोगों की भीड़ जुट गई. दुर्घटना के कारण कुछ समय तक यातायात भी प्रभावित रहा. हादसे के दौरान कार में लगे सुरक्षा एयरबैग सक्रिय हो गए. इसके कारण चालक को गंभीर चोट लगने से बचाव हो गया. स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि एयरबैग नहीं खुलता तो हादसा और गंभीर हो सकता था.
पुलिस ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही बिहटा थाना पुलिस और ट्रैफिक पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात व्यवस्था बहाल कराई. इसके बाद आवागमन सामान्य हो सका. बिहटा थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित कर लिया है. दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है. वहीं ट्रक को जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है.
Also Read: कराटे प्रतियोगिता में बिहटा के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन, एक स्वर्ण समेत चार पदक जीते
