पटना में बुजुर्ग राजद समर्थक की पिटाई कर पांच हजार रुपये छीनने का आरोप, पुलिस कर रही जांच

Patna News: फुलवारी शरीफ के कोरियामा गांव में राजद समर्थक रामलाल राय ने राजू यादव पर मारपीट कर पांच हजार रुपये छीनने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है. पीड़ित की शिकायत पर जानीपुर थाना पुलिस जांच में जुट गई है. चिकित्सीय जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.

Patna News: (अजीत कुमार की रिपोर्ट) फुलवारी शरीफ प्रखंड के कोरियामा गांव में एक बुजुर्ग राजद समर्थक के साथ मारपीट और रुपये छीनने का मामला सामने आया है. पीड़ित राजद समर्थक रामलाल राय ने जानीपुर थाना में लिखित आवेदन देकर गांव के ही राजू यादव पर मारपीट, लूटपाट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है.

गाली-गलौज के बाद की मारपीट

रामलाल राय ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि सोमवार को चक मूसा गांव के कुछ लोग भैंस खरीदने के लिए कोरियामा आए थे. इसी दौरान गांव के ही राजू यादव ने बिना किसी कारण उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी. विरोध करने पर आरोपी ने उनके साथ मारपीट की, जिससे उन्हें चोटें आई हैं.

जेब से पांच हजार रुपये छीनने का आरोप

पीड़ित का आरोप है कि मारपीट के दौरान आरोपी ने उनकी जेब में रखे पांच हजार रुपये छीन लिए और मौके से फरार हो गया. उन्होंने बताया कि घटना के समय गांव के कई लोग मौजूद थे, लेकिन आरोपी के डर से किसी ने हस्तक्षेप नहीं किया.

शिकायत करने पर दी जान से मारने की धमकी

रामलाल राय ने बताया कि आरोपी ने मारपीट के दौरान थाना-पुलिस से नहीं डरने की बात कही और शिकायत करने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी. उन्होंने चक मूसा निवासी दीपू बाबू सहित कई लोगों को घटना का प्रत्यक्षदर्शी बताया है. घटना के बाद पीड़ित जानीपुर थाना पहुंचे और लिखित शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने चिकित्सीय जांच के लिए उन्हें फुलवारी शरीफ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा, जहां उनका इलाज कराया गया.

जांच में जुटी पुलिस

पीड़ित ने आरोपी की गिरफ्तारी, सुरक्षा व्यवस्था और छीने गए रुपये वापस दिलाने की मांग की है. स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपी पर पहले भी मारपीट और दबंगई के आरोप लगते रहे हैं. वहीं जानीपुर थानाध्यक्ष सागर कुमार ने बताया कि आवेदन प्राप्त हुआ है और मामले की जांच की जा रही है. जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

इसे भी पढ़ें: जहानाबाद के मखदुमपुर में डकैती: हथियार के बल पर परिवार को बनाया बंधक, गहने और नकदी लेकर फरार

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Nikhil Anurag

मूलतः निखिल अनुराग. पेशे से पत्रकार. बुद्ध की धरती पर जन्म. बिहार का सबसे नवीनतम जिला (अरवल) से ताल्लुक. पढ़ाई की शुरूआत गांव से ही. फिर पलायन कर गंगा के तट पटना पहुंचा. ज्ञान की धरती से कुछ तालीम हासिल कर राष्ट्रीय राजधानी की ओर कूच. पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएट ( माखनलाल पत्रकारिता विश्वविद्यालय). नोएडा की धरती पर विद्वतजन से कुछ न कुछ सीखा. करंट अफ़ेयर्स, राजनीति, खेल, अंतरराष्ट्रीय संबंध, गाँव, खेत-किसान पसंदीदा टॉपिक. स्कूल, कॉलेज युनिवर्सिटी में यूथ से गपशप करना एनर्जी का अतिरिक्त स्रोत. साल 2020 में नोएडा से शुरू हुई इस लेखन यात्रा कलम, डेस्कटॉप, लैपटॉप के की-बोर्ड से होते हुए स्मार्ट फोन तक पहुंच गयी. ज्यों-ज्यों उम्र बढ़ रही है, सीखने, पढ़ने, लिखने की भूख भी बढ़ रही है. नोएडा में टीवी न्यूज में काम करने के बाद हिंदुस्तान ग्रूप होते हुए बिहार, झारखंड की सबसे पसंदीदा अखबार प्रभात खबर में कार्यरत. हां एक बात और... पढ़ने-लिखने की जिज्ञासा कभी खत्म नहीं होगी. साहित्य में बेहद दिलचस्पी.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >