पटना में आज से दो फ्लाईओवर होंगे शुरू, मीठापुर से महुली सिर्फ 7-8 मिनट दूर, गया-जहानाबाद वालों को भी राहत

Patna Mithapur Karbigahiya Mahuli Flyover: पटना के लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी है. मीठापुर-करबिगहिया और मीठापुर-महुली फ्लाईओवर का उद्घाटन मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी शुक्रवार को करेंगे. इसके चालू होने से पटना जंक्शन पर रोजाना लगने वाले भीषण जाम से मुक्ति मिलेगी और गया, जहानाबाद व राजगीर जाने वाले यात्रियों का काफी समय बचेगा.

Patna Mithapur Karbigahiya Mahuli Flyover: पटना में फ्लाईओवर का लंबे समय से चल रहा इंतजार अब खत्म होने जा रहा है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी शुक्रवार को मीठापुर गोलंबर से मीठापुर-करबिगहिया फ्लाईओवर और मीठापुर-महुली फ्लाईओवर का उद्घाटन करेंगे.

उद्घाटन होते ही दोनों फ्लाईओवर आम लोगों के लिए खोल दिए जाएंगे और वाहनों की आवाजाही शुरू हो जाएगी. पथ निर्माण विभाग और बिहार राज्य पुल निर्माण निगम ने उद्घाटन से जुड़ी सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं. लाइटिंग, सड़क की फिनिशिंग और रास्ते के संकेत लगाने का काम भी पूरा किया जा चुका है.

पटना जंक्शन और करबिगहिया का जाम होगा कम

मीठापुर-करबिगहिया फ्लाईओवर शुरू होने के बाद पटना जंक्शन के आसपास ट्रैफिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा. कंकड़बाग, मीठापुर और न्यू बाईपास की तरफ से आने वाली गाड़ियां सीधे जीपीओ, आर-ब्लॉक और सचिवालय की ओर जा सकेंगी.

वहीं, आर-ब्लॉक और जीपीओ की तरफ से आने वाले वाहन नीचे सड़क पर उतरे बिना न्यू बाईपास और महुली एलिवेटेड रोड की ओर निकल सकेंगे. इससे पटना जंक्शन और करबिगहिया गोलंबर के आसपास वाहनों का दबाव कम होने की उम्मीद है.

स्टेशन जाने वाले यात्रियों को भी राहत

पटना जंक्शन के करबिगहिया छोर की ओर जाने वाले रेल यात्रियों के लिए नीचे चौड़ी सर्विस रोड भी बनाई गई है. इससे स्टेशन परिसर के बाहर लगने वाले जाम को कम करने में मदद मिलेगी.

करबिगहिया गोलंबर और स्टेशन के बाहर रोजाना लगने वाले लंबे जाम से लोगों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है. खासकर ट्रेन पकड़ने या स्टेशन से बाहर निकलने वाले यात्रियों के लिए सफर आसान होगा.

मीठापुर से महुली पहुंचना होगा आसान

मीठापुर-महुली-पुनपुन एलिवेटेड रोड के दूसरे चरण का काम भी पूरा हो चुका है. इसके तहत मीठापुर से सिपारा के बीच 2.1 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड रोड बनाया गया है.

इस परियोजना का पहला चरण सिपारा से महुली-पुनपुन के बीच जून 2025 में शुरू हो चुका था. अब दूसरे चरण के शुरू होने के बाद मीठापुर से महुली तक करीब 9 किलोमीटर की दूरी केवल 7 से 8 मिनट में तय की जा सकेगी.

दक्षिण बिहार जाने वालों का समय बचेगा

दोनों फ्लाईओवर की कनेक्टिविटी मीठापुर-सिपारा-महुली एलिवेटेड रोड से जुड़ जाएगी. इसका सबसे बड़ा फायदा दक्षिण बिहार की तरफ जाने वाले लोगों को मिलेगा.

गया, जहानाबाद, औरंगाबाद, अरवल और बिहारशरीफ-राजगीर की ओर जाने वाले यात्रियों को शहर के अंदर के भारी ट्रैफिक में ज्यादा समय नहीं बिताना पड़ेगा. वे पटना के बीच से बिना ज्यादा रुकावट के सीधे अपने रास्ते पर निकल सकेंगे.

बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें

पटना की ट्रैफिक व्यवस्था को मिलेगी बड़ी राहत

इन दोनों सड़क परियोजनाओं का मकसद पटना के भीड़भाड़ वाले इलाकों में ट्रैफिक का दबाव कम करना और शहर से बाहर जाने वाले रास्तों को बेहतर बनाना है. फ्लाईओवर और एलिवेटेड रोड की कनेक्टिविटी मजबूत होने से न्यू बाईपास और दूसरे बड़े रास्तों तक पहुंचना भी आसान होगा.

इसे भी पढ़ें: TRE-4 को लेकर सम्राट चौधरी का बड़ा ऐलान, अब एक ही चरण में होगी परीक्षा, क्या-क्या बदला


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By परितोष शाही

परितोष शाही डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत राजस्थान पत्रिका से की. अभी प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम में काम कर रहे हैं. देश और राज्य की राजनीति, सिनेमा और खेल (क्रिकेट) में रुचि रखते हैं.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >