Patna Metro Update: जुलाई में पहुंचेगी पटना मेट्रो की पहली ट्रेन, हर कोच में इतने यात्रियों की होगी क्षमता

Patna Metro Update: पटना मेट्रो का सपना अब साकार होने जा रहा है. जुलाई में पहली तीन कोच वाली मेट्रो ट्रेन राजधानी पहुंचेगी, जिसके बाद उसका ट्रायल शुरू होगा. 15 अगस्त 2025 से मेट्रो परिचालन शुरू करने का लक्ष्य तय किया गया है.

Patna Metro Update: पटना में मेट्रो ट्रेन चलने का सपना अब हकीकत बनने के बेहद करीब है. राजधानी को उसकी पहली मेट्रो ट्रेन जुलाई महीने में मिलने जा रही है. महाराष्ट्र के पुणे में टीटागढ़ रेल सिस्टम्स लिमिटेड द्वारा निर्मित यह तीन कोच वाली अत्याधुनिक ट्रेन पटना के मेट्रो डिपो में पहुंचेगी, जहां इसे असेंबल करने का कार्य 15 से 20 दिनों में पूरा किया जाएगा. इसके बाद 6.107 किलोमीटर लंबे प्राथमिक कॉरिडोर में इसका ट्रायल रन शुरू किया जाएगा.

दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन को जारी किए 115 करोड़ रुपये

राज्य सरकार ने इस परियोजना के लिए कमर कस ली है. मेट्रो कोच की खरीद के लिए पहले जापान की एजेंसी ‘जायका’ के फंड का इंतजार था, लेकिन इसमें देरी के चलते बिहार सरकार ने दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) को 115 करोड़ रुपये जारी किए. इस राशि से न सिर्फ ट्रेन, बल्कि पटरी, एस्केलेटर और लिफ्ट जैसे आवश्यक उपकरणों की भी खरीद की गई है.

प्रत्येक कोच में होगी 300 यात्रियों की क्षमता

तीन डिब्बों वाली यह छोटी मेट्रो ट्रेन शहरी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए खास तौर पर डिजाइन की गई है. इसकी खास बात यह है कि यह ऊर्जा की कम खपत करती है और कम दूरी की यात्रा में अधिक कुशलता दिखाती है. प्रत्येक कोच में 300 यात्रियों की क्षमता होगी यानी एक बार में करीब 900 यात्री सफर कर सकेंगे. इसका फायदा यह भी होगा कि कम भीड़ में ज्यादा फ्रीक्वेंसी के साथ यात्रियों को यात्रा का सुगम अनुभव मिलेगा.

प्राथमिक कॉरिडोर के तहत 5 स्टेशनों को जोड़ा जाएगा

प्राथमिक कॉरिडोर के तहत न्यू पाटलिपुत्र बस टर्मिनल, जीरो माइल, भूतनाथ, खेमनीचक और मलाही पकड़ी- इन 5 स्टेशनों को जोड़ा जाएगा. हालांकि शुरुआती चरण में खेमनीचक स्टेशन से मेट्रो नहीं रुकेगी, क्योंकि यह एक इंटरचेंज स्टेशन है और इसका निर्माण कार्य अभी अधूरा है.

15 अगस्त 2025 से शुरू होगी मेट्रो सेवा

नगर विकास एवं आवास विभाग के अनुसार, इस कॉरिडोर पर 15 अगस्त 2025 से मेट्रो सेवा शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है. यदि सब कुछ तय समय पर होता है, तो यह पटना की परिवहन व्यवस्था में एक ऐतिहासिक बदलाव लेकर आएगा. संकरे इलाकों तक पहुंच, किफायती यात्रा और पर्यावरण के प्रति सजग डिजाइन के साथ यह मेट्रो राजधानीवासियों के लिए भविष्य की स्मार्ट यात्रा का रास्ता खोलेगी.

Also Read: पटना के नए सिक्स लेन ब्रिज पर खतरनाक स्टंट का वीडियो देखिए, चलती बाइक पर सीधा खड़ा है युवक

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

अभिनंदन पांडेय पिछले दो वर्षों से डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से की और दैनिक जागरण, भोपाल में काम किया. वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के हिस्सा हैं. राजनीति, खेल और किस्से-कहानियों में उनकी खास रुचि है. आसान भाषा में खबरों को लोगों तक पहुंचाना और ट्रेंडिंग मुद्दों को समझना उन्हें पसंद है. अभिनंदन ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से की. पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने पत्रकारिता की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. खबरों को सही तरीके से लोगों तक पहुंचाने की सोच ने उन्हें इस क्षेत्र की ओर आकर्षित किया. दैनिक जागरण में रिपोर्टिंग के दौरान उन्होंने भोपाल में बॉलीवुड के कई बड़े कलाकारों और चर्चित हस्तियों के इंटरव्यू किए. यह अनुभव उनके करियर के लिए काफी अहम रहा. इसके बाद उन्होंने प्रभात खबर डिजिटल में इंटर्नशिप की, जहां उन्होंने डिजिटल पत्रकारिता की वास्तविक दुनिया को करीब से समझा. बहुत कम समय में उन्होंने रियल टाइम न्यूज लिखना शुरू कर दिया. इस दौरान उन्होंने सीखा कि तेजी के साथ-साथ खबर की सटीकता भी बेहद जरूरी होती है. फिलहाल वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के साथ काम कर रहे हैं. बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने कई बड़ी खबरों को रियल टाइम में कवर किया, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और वीडियो कंटेंट भी तैयार किए. उनकी कोशिश हमेशा यही रहती है कि पाठकों और दर्शकों तक सबसे पहले, सही और भरोसेमंद खबर पहुंचे. पत्रकारिता में उनका लक्ष्य लगातार सीखते रहना, खुद को बेहतर बनाना और एक विश्वसनीय पत्रकार के रूप में अपनी पहचान मजबूत करना है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >