Patna Metro Update: पटना मेट्रो का बढ़ेगा दायरा, अब यहां तक दौड़ेगी 6 बोगी वाली मेट्रो, दिसंबर में आएंगी नई ट्रेनें

Patna Metro Update: पटना मेट्रो को लेकर महत्वपूर्ण अपडेट है. खेमनीचक से मीठापुर तक 3.1 किमी लंबा एलिवेटेड ट्रैक बनाया जा रहा है. इस रूट पर छह बोगी वाली मेट्रो चलेगी. इसके लिए तीन ट्रेन सेट दिसंबर तक पटना आने की उम्मीद है.

Patna Metro Update: पटना मेट्रो के विस्तार का काम तेजी से आगे बढ़ रहा है. अब खेमनीचक से मीठापुर तक मेट्रो पहुंचाने की तैयारी है. इस हिस्से में करीब 3.1 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड ट्रैक बनाया जा रहा है.

इस रूट के चालू होने के बाद पटना के कई इलाकों के लोगों को सीधा फायदा मिलेगा. यात्रियों की संख्या बढ़ने की संभावना को देखते हुए मेट्रो में ज्यादा क्षमता वाली ट्रेनें भी उतारी जाएंगी.

6 बोगी वाली मेट्रो से बढ़ेगी यात्री क्षमता

अभी पटना मेट्रो में तीन बोगी वाली ट्रेन सेट का परिचालन किया जा रहा है. अब छह बोगी वाली तीन ट्रेन सेट मंगाई जा रही हैं. पटना मेट्रो रेल कॉरपोरेशन ने इसके लिए पुणे मेट्रो को ऑर्डर दिया है. ट्रेन सेट को तीन साल की लीज पर लाया जा रहा है. इसके दिसंबर तक पटना पहुंचने की उम्मीद है.

छह बोगी वाली ट्रेन में एक बार में ज्यादा यात्री सफर कर सकेंगे. इससे खासकर व्यस्त समय में यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है.

मीठापुर-खेमनीचक रूट पर होंगे 4 स्टेशन

मीठापुर से खेमनीचक के बीच बन रहे एलिवेटेड ट्रैक का सुपर स्ट्रक्चर तैयार हो चुका है। इस हिस्से में कुल चार स्टेशन होंगे. यात्रियों को मीठापुर, रामकृष्ण नगर, जगनपुरा और खेमनीचक स्टेशन पर मेट्रो की सुविधा मिलेगी. इन स्टेशनों का निर्माण कार्य अभी जारी है. ट्रैक, लिफ्ट, एस्केलेटर और अन्य कामों के लिए भी टेंडर प्रक्रिया चल रही है.

जून 2027 तक शुरू करने का लक्ष्य

मीठापुर से खेमनीचक तक मेट्रो का परिचालन जून 2027 तक शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है.

राज्य सरकार ने पटना मेट्रो परियोजना के निर्माण और संचालन के लिए 628.32 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की है. इससे अलग-अलग हिस्सों में चल रहे निर्माण कार्य को गति मिलने की उम्मीद है.

मलाही पकड़ी से पटना जंक्शन तक अंडरग्राउंड मेट्रो

पटना मेट्रो के दूसरे अहम हिस्से पर भी काम तेजी से चल रहा है. मलाही पकड़ी से पटना जंक्शन तक करीब 10.54 किलोमीटर लंबी अंडरग्राउंड लाइन बनाई जा रही है. इस टनल का करीब 100 मीटर हिस्सा अभी बाकी है. इसे नवंबर तक पूरा करने का लक्ष्य है.

इस रूट में राजेंद्रनगर, मोइनुल हक स्टेडियम, पटना विश्वविद्यालय, पीएमसीएच, गांधी मैदान, आकाशवाणी और पटना जंक्शन जैसे प्रमुख स्टेशन शामिल होंगे. पूरे हिस्से को 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है.

अक्टूबर में शुरू हो सकता है खेमनीचक इंटरचेंज स्टेशन

खेमनीचक पटना मेट्रो का महत्वपूर्ण इंटरचेंज स्टेशन है. इसे अक्टूबर में शुरू करने की तैयारी है. यहां से दो अलग-अलग कॉरिडोर गुजरेंगे. एक रूट मलाही पकड़ी की ओर जाएगा, जबकि दूसरा मीठापुर की तरफ जाएगा.

स्टेशन शुरू होने के बाद यात्री यहां मेट्रो बदल सकेंगे. तीन मंजिला खेमनीचक स्टेशन दोनों कॉरिडोर को जोड़ने में अहम भूमिका निभाएगा.

बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें

पटना जंक्शन से दानापुर तक भी काम जारी

पटना मेट्रो के दूसरे हिस्सों में भी निर्माण कार्य चल रहा है. पटना जंक्शन से रुकनपुरा तक अंडरग्राउंड मेट्रो का काम शुरू किया जा रहा है. वहीं, रुकनपुरा से दानापुर तक एलिवेटेड मेट्रो का निर्माण जारी है.

पटना जंक्शन से मीठापुर को जोड़ने के लिए भी अंडरग्राउंड टनल बनाई जानी है. इसका काम अभी शुरू नहीं हुआ है.

32.50 किमी लंबा होगा पूरा मेट्रो नेटवर्क

पटना मेट्रो परियोजना की कुल लंबाई करीब 32.50 किलोमीटर है. इसमें दानापुर से पटना सिटी तक का इलाका शामिल है.

मीठापुर तक विस्तार और अलग-अलग कॉरिडोर के काम पूरे होने के बाद राजधानी में सार्वजनिक परिवहन की सुविधा और मजबूत होगी. ज्यादा क्षमता वाली छह बोगी की मेट्रो ट्रेनें यात्रियों की बढ़ती संख्या को संभालने में भी मदद करेंगी.

Also Read: पटना समेत बिहार के इन 18 जिलों में गरज-चमक के साथ होगी बारिश, 40 KMPH की रफ्तार से चलेगी हवा, वज्रपात का भी खतरा


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अभिनंदन पांडेय

भोपाल से शुरू हुई पत्रकारिता की यात्रा ने बंसल न्यूज (MP/CG) और दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अनुभव लेते हुए अब प्रभात खबर डिजिटल तक का मुकाम तय किया है. वर्तमान में पटना में कार्यरत हूं और बिहार की सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को करीब से समझने का प्रयास कर रहा हूं. गौतम बुद्ध, चाणक्य और आर्यभट की धरती से होने का गर्व है. देश-विदेश की घटनाओं, बिहार की राजनीति, और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि रखता हूं. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स के साथ प्रयोग करना पसंद है.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >