Patna Marine Drive: अब नए अंदाज में दिखेगा पटना का मरीन ड्राइव, 20 फीट के गेट पर दिखेंगे गंगा के 11 नाम

Patna Marine Drive: पटना के जेपी गंगा पथ को और आकर्षक बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है. स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत पथ किनारे 20 फीट ऊंचे भव्य आर्क गेट लगाने का काम शुरू हो गया है, जिन पर गंगा के 11 पौराणिक नाम उकेरे जाएंगे. रोशनी और आधुनिक डिजाइन से यह पूरा इलाका और निखरेगा.

Patna Marine Drive: पटना के प्रमुख पर्यटन स्थलों में तेजी से उभर रहे जेपी गंगा (मरीन ड्राइव) पथ को अब और भी आकर्षक और भव्य रूप देने की तैयारी शुरू हो गई है. पटना स्मार्ट सिटी मिशन के तहत यहां बड़े पैमाने पर सुंदरीकरण और इंफ्रास्ट्रक्चर विकास कार्यों की शुरुआत की गई है. इसी क्रम में सड़क किनारे 20 फीट ऊंचे आधुनिक और मजबूत आर्क गेट लगाए जा रहे हैं, जो आने वाले समय में गंगा पथ की पहचान बनेंगे. इन गेटों को पाउडर कोटिंग, स्टेनलेस स्टील व मजबूत संरचना के साथ डिजाइन किया जा रहा है, ताकि ये लंबे समय तक टिकाऊ और आकर्षक बने रहें.

गंगा के 11 नाम होंगे खास आकर्षण

इन भव्य गेटों पर गंगा नदी के सांस्कृतिक, धार्मिक और पौराणिक महत्व को दर्शाने वाले 11 विशेष नाम स्टेनलेस स्टील लेटर में उकेरे जाएंगे. इनमें शामिल हैं- भागीरथी, देव नदी, मंदाकिनी, सुरसरिता, जाह्नवी, ध्रुवनंदा, नदीश्वरी, अमरतरंगिनी, देवपगा, त्रिपथगा और अलकनंदा.

स्मार्ट सिटी अधिकारियों का कहना है कि इन नामों के उपयोग से स्थानीय लोगों के साथ-साथ पर्यटकों के बीच गंगा के प्रति भावनात्मक जुड़ाव बढ़ेगा और पटना की सांस्कृतिक पहचान को नया विस्तार मिलेगा.

रात में चमकेगा पूरा क्षेत्र

गेट के दोनों ओर हाई-क्वालिटी फैसाड लाइटिंग लगाई जाएगी, जिससे रात के समय पूरा इलाका रंगीन रोशनी में नहाया हुआ नजर आएगा. यह न सिर्फ सौंदर्य बढ़ाएगा बल्कि पर्यावरणीय और पर्यटन दृष्टिकोण से भी गंगा पथ की लोकप्रियता में इजाफा करेगा.

स्ट्रीट फूड की अलग पहचान

मुख्य प्रवेश बिंदु पर ‘गंगा किनारे फूड स्ट्रीट’ का विशेष साइन भी लगाया जाएगा. इससे यहां आने वाले लोगों के लिए दिशा-निर्देशन आसान होगा और फूड स्ट्रीट की पहचान और मजबूत बनेगी. अधिकारियों के अनुसार, यह कदम पर्यटन और स्थानीय व्यवसाय दोनों को बढ़ावा देगा.

जल्द शुरू होगा निर्माण कार्य

स्मार्ट सिटी मिशन के अधिकारी बताते हैं कि स्थान चयन का अंतिम चरण पूरा होने के बाद निर्माण कार्य तेजी से शुरू कर दिया जाएगा. सजावटी आर्क गेटों के बन जाने के बाद जेपी गंगा पथ न सिर्फ राजधानी के पर्यटन मानचित्र को नया आयाम देगा, बल्कि शहर का एक प्रमुख लैंडमार्क भी बनेगा.

Also Read: Tej Pratap Yadav: तेजप्रताप यादव के प्राइवेट आवास पर 3.56 लाख का बिजली बकाया, लालू के बेटे ने 3 साल से नहीं भरा बिल

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

अभिनंदन पांडेय पिछले दो वर्षों से डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से की और दैनिक जागरण, भोपाल में काम किया. वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के हिस्सा हैं. राजनीति, खेल और किस्से-कहानियों में उनकी खास रुचि है. आसान भाषा में खबरों को लोगों तक पहुंचाना और ट्रेंडिंग मुद्दों को समझना उन्हें पसंद है. अभिनंदन ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से की. पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने पत्रकारिता की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. खबरों को सही तरीके से लोगों तक पहुंचाने की सोच ने उन्हें इस क्षेत्र की ओर आकर्षित किया. दैनिक जागरण में रिपोर्टिंग के दौरान उन्होंने भोपाल में बॉलीवुड के कई बड़े कलाकारों और चर्चित हस्तियों के इंटरव्यू किए. यह अनुभव उनके करियर के लिए काफी अहम रहा. इसके बाद उन्होंने प्रभात खबर डिजिटल में इंटर्नशिप की, जहां उन्होंने डिजिटल पत्रकारिता की वास्तविक दुनिया को करीब से समझा. बहुत कम समय में उन्होंने रियल टाइम न्यूज लिखना शुरू कर दिया. इस दौरान उन्होंने सीखा कि तेजी के साथ-साथ खबर की सटीकता भी बेहद जरूरी होती है. फिलहाल वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के साथ काम कर रहे हैं. बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने कई बड़ी खबरों को रियल टाइम में कवर किया, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और वीडियो कंटेंट भी तैयार किए. उनकी कोशिश हमेशा यही रहती है कि पाठकों और दर्शकों तक सबसे पहले, सही और भरोसेमंद खबर पहुंचे. पत्रकारिता में उनका लक्ष्य लगातार सीखते रहना, खुद को बेहतर बनाना और एक विश्वसनीय पत्रकार के रूप में अपनी पहचान मजबूत करना है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >