Patna Magadh Mahila College: बिहार की राजधानी पटना के मगध महिला कॉलेज में बीए फर्स्ट सेमेस्टर में पढ़ने वाली गायत्री कुमारी 13 अगस्त से लापता है. सात दिन बीत जाने के बाद भी परिवार को उसकी कोई जानकारी नहीं मिली है. परिजनों ने गांधी मैदान थाने में शिकायत दर्ज कराई है और पुलिस से जल्द गायत्री को तलाशने की मांग की है. परिवार के लोग लगातार उसकी तलाश कर रहे हैं. छात्रा के नहीं मिलने से घरवालों की चिंता बढ़ती जा रही है.
कॉलेज से निकलने के बाद ई-रिक्शा से स्टेशन गई थी
प्रभात खबर की रिपोर्टर रिया से बात करते हुए गायत्री के परिजन ने बताया कि 13 अगस्त की सुबह गायत्री कॉलेज आई थी. इसके बाद वह ई-रिक्शा से स्टेशन जाने के लिए निकली थी. लेकिन शाम तक जब वह घर नहीं पहुंची तो परिवार ने उसकी तलाश शुरू कर दी. गायत्री का मोबाइल फोन उस दिन घर पर ही रह गया था. इसलिए उससे फोन पर संपर्क भी नहीं हो सका.
रात 12 बजे थाने में दर्ज कराई शिकायत
गायत्री के घरवालों ने उसी रात करीब 12 बजे गांधी मैदान थाने में शिकायत दर्ज कराई थी. परिवार का कहना है कि पुलिस ने मामले की जांच शुरू करने की बात कही थी. परिजनों के मुताबिक सात दिन बीतने के बाद भी गायत्री के बारे में कोई पक्की जानकारी या सुराग नहीं मिला है. इसी वजह से परिवार पुलिस की जांच को लेकर सवाल उठा रहा है.
सीसीटीवी फुटेज को लेकर भी परिवार ने उठाए सवाल
परिजनों का कहना है कि पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की है. लेकिन जिस समय गायत्री के आने-जाने की संभावना थी, उस समय की कई कैमरों की फुटेज उपलब्ध नहीं है. परिवार के मुताबिक, करीब 11 बजे से 10:15 और 1:30 बजे के आसपास तक की फुटेज में परेशानी बताई जा रही है. इससे पहले और बाद की फुटेज उपलब्ध होने की बात सामने आई है.
परिजनों का कहना है कि गायत्री को तलाशने में सीसीटीवी फुटेज अहम हो सकती है. इसलिए सभी कैमरों की फुटेज की अच्छी तरह जांच की जानी चाहिए.
गांव में विवाद और धमकी का भी आरोप
गायत्री की बहन दुर्गा कुमारी ने बताया कि गांव में कुछ लोगों के साथ परिवार का विवाद हुआ था. विवाद के बाद कुछ लोग उनके घर पहुंचे थे और धमकी दी थी. धमकी देने वालों ने कहा था कि अगर पुलिस में शिकायत की गई तो गायत्री को जहां वह पढ़ने जाती है, वहीं से अगवा कर लिया जाएगा.
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
धमकी के करीब 8 दिन बाद गायब हुई गायत्री
परिवार का कहना है कि धमकी मिलने के करीब आठ दिन बाद गायत्री लापता हो गई. जिस व्यक्ति के साथ गांव में विवाद हुआ था, उसके बारे में भी परिवार का कहना है कि वह घटना के बाद से गायब है. इन आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी.
गायत्री के परिजन ने प्रभात खबर से कहा कि वो चाहते हैं कि पुलिस मामले की हर पहलू से जांच करे. परिवार ने सीसीटीवी फुटेज को अच्छी तरह देखने, गांव में हुए विवाद और धमकी की भी जांच करने की मांग की है. पुलिस गायत्री को जल्द से जल्द तलाश करे और उसके लापता होने की पूरी सच्चाई सामने लाए.
इसे भी पढ़ें: बिहार में अगले 72 घंटे तक जारी रहेगा भारी बारिश, आंधी-तूफान और वज्रपात का दौर, IMD का डबल अलर्ट
999 रुपये देकर लगाएं सोलर पैनल, पांच साल में आसान किस्त से चुकाएं पैसा, जानें पूरी योजना
