पटना में ट्रक से उतर रही थी शराब की खेप, ठेले पर लोडिंग के दौरान उत्पाद विभाग का छापा; चार गिरफ्तार

Patna Excise department: पटना के कदमकुआं में उत्पाद विभाग की टीम ने अवैध शराब की खेप के साथ चार लोगों को गिरफ्तार किया है. यूपी से लाई गई शराब को ठेले पर लादने के दौरान यह छापेमारी हुई. जब्त शराब की कीमत करीब 2.80 लाख रुपये बताई जा रही है.

Patna Excise department: पटना के कदमकुआं थाना क्षेत्र स्थित चुड़ी मार्केट के जनक किशोर रोड में ट्रक से अवैध शराब की खेप उतारकर ठेले पर लोड किए जाने के दौरान उत्पाद विभाग की टीम ने छापेमारी कर चार लोगों को गिरफ्तार किया है. कार्रवाई के दौरान ट्रक के साथ करीब 2.80 लाख रुपये मूल्य की अवैध शराब जब्त की गई है.

यूपी से लाई गई थी शराब की खेप

उत्पाद विभाग के अनुसार जब्त शराब की खेप उत्तर प्रदेश से लाई गई थी. ट्रक से शराब उतारकर उसे दो ठेलों पर लोड किया जा रहा था. इसी दौरान गुप्त सूचना के आधार पर उत्पाद विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की.

ट्रक चालक समेत चार आरोपी गिरफ्तार

छापेमारी के दौरान पुलिस ने ट्रक चालक, ठेला चालक और शराब मंगवाने वाले सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया. गिरफ्तार आरोपितों की पहचान अजित कुमार, रमाशंकर कुमार, विक्की कुमार और रवींद्र कुमार के रूप में हुई है. इनमें अजित कुमार और रमाशंकर कुमार ठेला चालक हैं, जबकि रवींद्र कुमार ट्रक चालक और विक्की कुमार शराब की खेप मंगवाने वाला बताया गया है.

जेपी गंगा पथ पर कार से 220 लीटर शराब बरामद

उधर, गांधी मैदान थाना क्षेत्र के जेपी गंगा पथ पर वाहन जांच के दौरान पुलिस ने एक मारुति कार से 220 लीटर अवैध शराब बरामद की है. जब्त शराब की कीमत करीब 70 हजार रुपये बताई जा रही है.

वैशाली से ला रहा था शराब

इस मामले में पुलिस ने कार चालक शिवम कुमार को गिरफ्तार किया है. वह छपरा का रहने वाला है. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शराब की खेप वैशाली से लाई जा रही थी. पुलिस ने शराब के साथ कार को भी जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.

Also Read: पॉलिटिकल कंसल्टेंसी का काम छोड़ने के बाद भी बढ़ी प्रशांत किशोर की दौलत, हलफनामे में बताया कमाई का पूरा जरिया


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Nitish kumar

Published by: Nikhil Anurag

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >