नौबतपुर से सुमित कुमार की रिपोर्ट
पटना जिले के नौबतपुर प्रखंड की नवडीहा पंचायत स्थित नरेंद्र रामपुर गांव में अधूरी सड़क और खुले चेंबर ग्रामीणों के लिए बड़ी परेशानी बन गए हैं. करीब 28 महीने पहले शुरू हुआ नाली निर्माण कार्य आज तक पूरा नहीं हो सका. नाली तो बन गई, लेकिन सड़क का पीसीसी निर्माण अधूरा छोड़ दिया गया. इससे गांव की मुख्य सड़क कीचड़, जलजमाव और हादसों का केंद्र बन गई है.
खुले चेंबर बने हादसों की वजह
ग्रामीणों का आरोप है कि नाली निर्माण के दौरान बनाए गए कई चेंबर अब भी बिना आरसीसी ढक्कन के खुले पड़े हैं. बारिश के दौरान सड़क पर पानी भर जाने से चेंबर दिखाई नहीं देते, जिससे बच्चे, बुजुर्ग और दोपहिया वाहन चालक अक्सर हादसों का शिकार हो रहे हैं. ग्रामीणों का कहना है कि कई लोग इन गड्ढों में गिरकर घायल हो चुके हैं, जबकि मवेशियों को भी नुकसान पहुंचा है.
स्कूली बच्चों और मरीजों की बढ़ी परेशानी
अधूरी सड़क का सबसे अधिक असर स्कूली बच्चों और मरीजों पर पड़ रहा है. बारिश के दिनों में बच्चे फिसलकर गिर जाते हैं और कई अभिभावक उन्हें स्कूल भेजने से भी कतराते हैं. वहीं गंभीर मरीजों और गर्भवती महिलाओं तक एम्बुलेंस नहीं पहुंच पाती. ग्रामीणों को मरीजों को खाट या कंधे पर उठाकर मुख्य सड़क तक ले जाना पड़ता है.
दैनिक जीवन और रोजगार पर भी असर
गांव के लोगों का कहना है कि खराब सड़क के कारण दूध विक्रेता, सब्जी कारोबारी और मजदूरों को रोजाना परेशानी झेलनी पड़ रही है. भारी वाहनों और जलजमाव से सड़क की स्थिति और खराब हो गई है. दोपहिया वाहन फिसलने और सामान गिरने की घटनाएं आम हो गई हैं.
ग्रामीणों में बढ़ा आक्रोश, जनप्रतिनिधियों पर लगाए आरोप
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सड़क और नाली निर्माण का कार्य शुरू होने के बाद से कई बार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से शिकायत की गई, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ. उनका कहना है कि चुनाव के समय वादे किए जाते हैं, लेकिन बाद में गांव की समस्याओं को नजरअंदाज कर दिया जाता है.
ग्रामीणों ने रखीं तीन प्रमुख मांगें
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि सभी खुले चेंबरों पर तत्काल आरसीसी ढक्कन लगाए जाएं, अधूरी पीसीसी सड़क का निर्माण जल्द पूरा कराया जाए और जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए. लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन करेंगे और आगामी चुनाव में "रोड नहीं तो वोट नहीं" अभियान चलाएंगे.
