पटना होटल कांड को लेकर फूटा तेजस्वी का गुस्सा, सोशल मीडिया पर खोला मोर्चा, लगाए गंभीर आरोप

Patna Hotel Case: तेजस्वी यादव ने बिहार की कानून व्यवस्था को लेकर सरकार पर बड़ा हमला बोला है. उन्होंने दावा किया कि पिछले एक महीने में 8681 बच्चे लापता हुए हैं, जिनमें ज्यादातर लड़कियां हैं. तेजस्वी ने बढ़ते अपराध, रेप और पटना होटल कांड को लेकर सरकार पर सवाल उठाए हैं.

Patna Hotel Case: बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने राज्य की कानून व्यवस्था को लेकर सरकार पर बड़ा हमला बोला है. उन्होंने दावा किया कि पिछले एक महीने में बिहार से 8681 बच्चे गायब हुए हैं, जिनमें करीब 85 फीसदी लड़कियां हैं. तेजस्वी ने कहा कि बिहार में महिलाएं, बच्चे और आम लोग खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं.

सोशल मीडिया पर सरकार को घेरा

तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर कहा कि बिहार में हर दिन दुष्कर्म, हत्या, लूट और चोरी जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि कई मामलों में महिलाओं के घर में घुसकर अपराध किए जा रहे हैं. उनके मुताबिक कुछ ही दिनों में 75 से ज्यादा रेप और गैंगरेप की घटनाएं हुई हैं. उन्होंने कहा कि राज्य के अलग-अलग जिलों में अपराध लगातार बढ़ रहे हैं, लेकिन सरकार हालात संभालने में नाकाम साबित हो रही है.

सीएम पर साधा निशाना

तेजस्वी यादव ने सीएम सम्राट चौधरी से कहा कि सरकार सिर्फ बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन जमीन पर अपराधियों में पुलिस और कानून का डर खत्म हो चुका है.

उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि सरकार एआई तकनीक और हाईटेक निगरानी की बातें करती है, लेकिन अपराध रोकने में सफल नहीं हो पा रही है. तेजस्वी ने कहा कि मुख्यमंत्री को राजनीतिक बयानबाजी छोड़कर महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा पर ध्यान देना चाहिए.

होटल कांड का भी किया जिक्र

तेजस्वी यादव ने हाल में पटना के होटल में पॉलिटेक्निक परीक्षा देने आई छात्रा से छेड़छाड़ और उसे जबरन ले जाने की कोशिश वाले मामले का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि यह घटना दिखाती है कि बिहार में लड़कियों की सुरक्षा कितनी कमजोर हो चुकी है.

उन्होंने कहा कि अलग-अलग जिलों से पढ़ाई के लिए पटना आने वाली छात्राओं के परिवार डरे हुए हैं. सरकार को तुरंत सख्त कदम उठाने चाहिए.

बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें

महिलाओं की सुरक्षा पर समझौता नहीं

तेजस्वी यादव ने कहा कि महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा सबसे बड़ी प्राथमिकता होनी चाहिए. उन्होंने सरकार से मांग की कि अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए और राज्य में कानून व्यवस्था मजबूत की जाए.

इसे भी पढ़ें: पूर्वी चंपारण, मधुबनी समेत बिहार के 5 जिलों को मिलेंगे नए पुलिस कप्तान, गृह विभाग का आदेश जारी

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Paritosh shahi

परितोष शाही डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत राजस्थान पत्रिका से की. अभी प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम में काम कर रहे हैं. देश और राज्य की राजनीति, सिनेमा और खेल (क्रिकेट) में रुचि रखते हैं.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >