पटना से हिमांशु देव की रिपोर्ट
Patna High Mast Light : राजधानी पटना में सड़कों पर रोशनी की पर्याप्त व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है. अगले 30 दिनों के भीतर राजधानी के 30 वार्डों में 35 हाई मास्ट लाइटों का काम पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है. इसके साथ ही शहर की 82 हजार स्ट्रीट लाइटों को चरणबद्ध तरीके से IoT आधारित ऑटोमेटिक सिस्टम से जोड़ा जाएगा, जिससे रोशनी व्यवस्था और अधिक आधुनिक व प्रभावी बनेगी.
Patna High Mast Light: राजधानी में कहां-कहां लग रही हैं नई हाई मास्ट लाइटें?
पटना नगर निगम के अनुसार राजधानी के 30 वार्डों में 35 स्थानों पर हाई मास्ट लाइटें लगाई जा रही हैं. इनमें से करीब 20 स्थानों पर फाउंडेशन का कार्य शुरू हो चुका है. जयप्रकाश नगर, दयानंद हाई स्कूल, बसावन पार्क टी-प्वाइंट, पंचमुखी हनुमान मंदिर समेत कई प्रमुख स्थानों को इस परियोजना में शामिल किया गया है.
Patna High Mast Light: हाई मास्ट लाइटों पर कितना खर्च होगा?
इस परियोजना पर करीब 1.60 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं. यह राशि हुडको के सीएसआर फंड से उपलब्ध कराई जा रही है. प्रत्येक हाई मास्ट लाइट की ऊंचाई 12.5 मीटर होगी और उसमें 6 फ्लड लाइटें लगाई जाएंगी. इनकी कुल क्षमता 1200 वॉट होगी, जिससे बड़े क्षेत्र में पर्याप्त रोशनी मिल सकेगी.
पटना की खबरों को पढ़ने के लिए क्लिक करें
Patna Rain: बारिश में खराब होने वाली स्ट्रीट लाइटों के लिए क्या व्यवस्था की गई है?
बारिश के दौरान स्ट्रीट लाइटों के स्विच फेल होने और कार्बन जमा होने जैसी तकनीकी समस्याओं को देखते हुए वार्ड स्तर पर अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं. इन टीमों को शिकायतों का त्वरित समाधान करने की जिम्मेदारी दी गई है. फिलहाल पटना नगर निगम के पास स्ट्रीट लाइटों से जुड़ी करीब 250 से 300 शिकायतें लंबित हैं, जिनका तेजी से निस्तारण किया जा रहा है.
Patna News: 82 हजार स्ट्रीट लाइटें कैसे होंगी ऑटोमैटिक?
शहर में लगी करीब 82 हजार स्ट्रीट लाइटों को चरणबद्ध तरीके से IoT आधारित सेंसर सिस्टम से जोड़ा जाएगा. इस तकनीक के जरिए शाम होते ही लाइटें स्वतः जल जाएंगी और सुबह होने पर अपने आप बंद हो जाएंगी. इससे बिजली की बचत के साथ संचालन भी अधिक प्रभावी होगा.
Patna Streetlights: स्ट्रीट लाइटों की निगरानी कैसे होगी?
नगर निगम स्ट्रीट लाइटों की निगरानी के लिए सेंट्रलाइज्ड कमांड सेंटर विकसित करने की तैयारी कर रहा है. इसके लिए आवश्यक बिड को विभाग की स्वीकृति के लिए भेजा गया है. कमांड सेंटर के माध्यम से शहरभर की लाइटों की निगरानी और खराबी का पता आसानी से लगाया जा सकेगा.
क्या शहर में और नई स्ट्रीट लाइटें भी लगेंगी?
पटना नगर निगम नया टेंडर जारी करने की तैयारी में है. इसके तहत शहर में 25 हजार अतिरिक्त स्ट्रीट लाइटें लगाने का प्रावधान किया गया है. साथ ही ईईएसएल की वे पुरानी लाइटें, जिनकी कार्य अवधि पूरी हो चुकी है, उन्हें नई एलईडी लाइटों से बदला जाएगा.
