पटना: झमाझम बारिश ने खोली जलनिकासी की पोल, एम्स रोड से संपतचक तक सड़कों पर भरा पानी

पटना के दक्षिणी इलाकों में तेज बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है. फुलवारी शरीफ से संपतचक तक कई इलाकों में सड़कों पर घुटनों से ऊपर पानी भर गया है, जिससे लोगों को भारी परेशानी हो रही है. निचले इलाकों में घरों और दुकानों में भी पानी घुसने से नुकसान की खबर है.

Patna News : फुलवारी शरीफ में गुरुवार दोपहर और देर शाम हुई तेज बारिश ने पटना के दक्षिणी इलाकों में जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया. पटना एम्स रोड, फुलवारी शरीफ, संपतचक, रामकृष्ण नगर, जगनपुरा और खेमनीचक समेत कई इलाकों में सड़कें जलमग्न हो गईं. कई जगह घुटने से ऊपर तक पानी जमा हो गया, जबकि निचले इलाकों के घरों और दुकानों में बारिश का पानी प्रवेश कर गया. घंटों तक लोग जलजमाव से परेशान रहे.

एम्स रोड से फुलवारी तक सड़कें जलमग्न

एम्स रोड और एनएच-98 के आसपास बारिश के बाद सड़क पर भारी जलजमाव हो गया. देखते ही देखते सड़क का बड़ा हिस्सा पानी में डूब गया और नालियां भी पानी में समा गईं. सड़क पर पानी जमा होने से बाइक सवारों, ऑटो चालकों और पैदल राहगीरों को काफी परेशानी हुई. फुलवारी शरीफ थाना क्षेत्र की कई कॉलोनियों में भी स्थिति गंभीर रही. पानी घरों और दुकानों में घुसने से लोगों को घरेलू सामान और व्यापारिक सामग्री ऊंचे स्थानों पर रखने के लिए मजबूर होना पड़ा. कई परिवारों ने बेड और अन्य ऊंचे स्थानों पर सामान रखकर उसे पानी से बचाया.

जलनिकासी की समूचित व्यवस्था नहीं

फुलवारी थाना और नगर परिषद कार्यालय के आसपास के अलावा चुनौती कुआं, शहीद भगत चौक, सदर बाजार और नवदुर्गा मंदिर इलाके में भी लंबे समय तक जलजमाव रहा. कई जगह सड़क और नाली का अंतर तक दिखाई नहीं दे रहा था. अल्वा कॉलोनी में भी जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से सड़क पर पानी का तेज बहाव बना रहा.

बेऊर में रास्ता डूबा, दर्जनों परिवार परेशान

बेऊर गांव में जोड़ा कुआं के दक्षिण बसे दर्जनों घरों के सामने बारिश के बाद गंभीर स्थिति उत्पन्न हो गई. आसपास के खेत और रास्ते पानी में डूब गए. स्थानीय लोगों के अनुसार आवागमन के लिए मिट्टी, बालू और सड़क भरकर रास्ता बनाया गया था, लेकिन कुछ लोगों द्वारा जमीन पर पिलर डालकर रास्ते में अवरोध पैदा किए जाने के कारण बारिश का पानी नहीं निकल सका.

ग्रामीणों का आरोप है कि रास्ते में अवरोध की जानकारी स्थानीय वार्ड पार्षद और प्रशासन को होने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है. पानी में डूबे रास्ते से महिलाओं और बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है.

दो दर्जन से अधिक घरों में घुसा पानी

नया टोला, ईसा नगर, बैतूल करीम मस्जिद, अल ग्यास नगर और कर्बला के निचले हिस्सों में भी बारिश का पानी करीब दो दर्जन से अधिक घरों में पहुंच गया. कई परिवार घंटों तक पानी निकलने का इंतजार करते रहे. घरों के आसपास जलजमाव के कारण सामान्य आवागमन भी बाधित रहा.

रामकृष्ण नगर, जगनपुरा, खेमनीचक और संपतचक नगर परिषद के कई वार्डों में भी बारिश के बाद जलजमाव की समस्या सामने आई. कुरथौल, परसा बाजार, सिपारा और पुनपुन रोड के आसपास की कई कॉलोनियों में लंबे समय तक पानी जमा रहा.

स्थानीय लोगों का कहना है कि तेज बारिश होते ही हर साल इसी तरह की स्थिति उत्पन्न होती है, लेकिन जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था नहीं होने से समस्या बनी हुई है.

खोजा इमली में सड़क बनी तालाब, गड्ढों से हादसे का खतरा

फुलवारी नगर परिषद के वार्ड संख्या 12 में खोजा इमली मजार के समीप पटना-फुलवारी मुख्य मार्ग पर बारिश के बाद सड़क पूरी तरह पानी में डूब गई. जलजमाव के कारण सड़क पर मौजूद गहरे गड्ढे दिखाई नहीं दे रहे हैं. स्थानीय लोगों के मुताबिक अब तक तीन-चार मोटरसाइकिल सवार इन गड्ढों में गिरकर दुर्घटना का शिकार हो चुके हैं. सबसे अधिक खतरा स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और दोपहिया वाहन चालकों को बना हुआ है.

स्थानीय नागरिकों ने नगर परिषद प्रशासन से सड़क के गड्ढों की मरम्मत, जलनिकासी की समुचित व्यवस्था और समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है.



प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अजीत कुमार

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >