स्वच्छ पटना की ओर बड़ा कदम, मुफ्त होगी शौचालय सेवा, 19 मॉडल टॉयलेट्स के रखरखाव पर हर माह होंगे लाखों रुपये खर्च

Patna News: पटना नगर निगम ने शहर के 19 मॉडल सार्वजनिक शौचालयों के संचालन और रखरखाव की जिम्मेदारी सुलभ इंटरनेशनल को तीन वर्षों के लिए सौंप दी है. नई व्यवस्था के तहत लोगों को इन शौचालयों का उपयोग नि:शुल्क मिलेगा, जबकि निगम प्रत्येक शौचालय पर 44 हजार रुपये प्रतिमाह और बिजली बिल का भुगतान करेगा.

Patna News: (हिमांशु देव की रिपोर्ट)
पटना नगर निगम ने शहरवासियों को स्वच्छ और बेहतर सार्वजनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है. निगम ने शहर के 19 आधुनिक सार्वजनिक शौचालयों के संचालन और रखरखाव की जिम्मेदारी सुलभ इंटरनेशनल को सौंप दी है. इसके लिए दोनों पक्षों के बीच तीन वर्षों का समझौता किया गया है.

अब नि:शुल्क मिलेगी शौचालय की सुविधा

नई व्यवस्था लागू होने के बाद आम लोगों को इन सार्वजनिक शौचालयों के उपयोग के लिए किसी प्रकार का शुल्क नहीं देना होगा. नगर निगम ने इन शौचालयों के संचालन और रखरखाव की जिम्मेदारी सुलभ इंटरनेशनल को सौंपी है, जिससे लोगों को बेहतर और स्वच्छ सुविधाएं मिल सकेंगी.

हर महीने 8.36 लाख रुपये खर्च करेगा निगम

समझौते के अनुसार नगर निगम सुलभ इंटरनेशनल को प्रत्येक शौचालय के लिए 44 हजार रुपये प्रतिमाह देगा. इसके अलावा बिजली बिल का भुगतान भी निगम की ओर से किया जाएगा. 19 शौचालयों के संचालन पर नगर निगम हर महीने कुल 8.36 लाख रुपये खर्च करेगा.

शौचालयों के संचालन का समय निर्धारित

नगर निगम के अनुसार मार्च से सितंबर तक सभी शौचालय सुबह 5 बजे से रात 10 बजे तक खुले रहेंगे. वहीं अक्टूबर से फरवरी तक इनका संचालन सुबह 6 बजे से रात 9 बजे तक होगा. हालांकि, पटना जंक्शन गोलंबर स्थित सार्वजनिक शौचालय 24 घंटे आम लोगों के लिए खुला रहेगा.

स्वच्छ पटना की दिशा में महत्वपूर्ण पहल

महापौर सीता साहू और उपमहापौर रेशमी चंद्रवंशी ने इस पहल को स्वच्छ पटना के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया. उनका कहना है कि इससे शहरवासियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और सार्वजनिक स्थानों की स्वच्छता में भी सुधार होगा.

कार्यक्रम में अधिकारी और प्रतिनिधि रहे मौजूद

समझौता कार्यक्रम में सशक्त स्थायी समिति की सदस्य अनीता देवी, कुमार संजीत, मनोज कुमार और राज कुमार गुप्ता सहित नगर निगम के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे. सुलभ इंटरनेशनल की ओर से जयप्रकाश झा, शिशिर झा, सतीश चंद्र झा और अमूल कुमार चौधरी ने भाग लिया.

इन स्थानों पर स्थित हैं मॉडल सार्वजनिक शौचालय

इस योजना के तहत बांकीपुर, नूतन राजधानी, पाटलिपुत्र, कंकड़बाग और पटना सिटी अंचल के कुल 19 मॉडल सार्वजनिक शौचालय शामिल किए गए हैं. इनमें कदमकुआं वेंडिंग जोन, रामपुर नहर, प्रेमचंद गोलंबर, विकास भवन, पटना चिड़ियाघर, एयरपोर्ट गोलंबर, वीरचंद पटेल पथ, पटना जंक्शन गोलंबर, बुद्ध मार्ग, पटना हाईकोर्ट, मल्टी लेवल कार पार्किंग, राजापुर पुल, बिस्कोमान भवन, बोरिंग कैनाल रोड, मीठापुर फ्लाईओवर, कंकड़बाग अंचल कार्यालय, भूतनाथ रोड पानी टंकी, कैमासिका नया टोला और मालसलामी सब्जी मंडी स्थित शौचालय शामिल हैं.

ALSO READ: पाटलिपुत्र स्टेशन पर मद्य निषेध अभ्यर्थियों का बवाल, पथराव में रेल आईजी समेत कई पुलिसकर्मी घायल

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Karuna Tiwari

करुणा तिवारी पत्रकारिता में अपने करियर की शुरुआत Doordarshan Bihar के साथ की. 8 वर्षों तक टीवी और डिजिटल माध्यम में सक्रिय रहने के बाद, वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल, बिहार टीम के साथ कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. उन्हें बिहार की राजनीति, ग्राउंड रिपोर्टिंग और सामाजिक मुद्दों में विशेष रुचि है. अपने काम के प्रति समर्पित करुणा हर दिन कुछ नया सीखने और बेहतर करने की कोशिश करती हैं.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >