Patna City Stabbing Incident : पटना सिटी के मेहंदीगंज थाना क्षेत्र में गुरुवार रात पानी का छींटा पड़ने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. चाकूबाजी में 46 वर्षीय दीपू कुमार की मौत हो गई, जबकि उनका 18 वर्षीय बेटा साहिल घायल हो गया. पुलिस ने घटना के आरोप में पड़ोसी राजू कुमार और उसके बेटे दीपक कुमार को हिरासत में लिया है.
कैसे शुरू हुआ विवाद ?
जानकारी अनुसार पटना सिटी के मेहंदीगंज थाना क्षेत्र के मेहंदीगंज दीपनगर में गुरुवार रात पड़ोसियों के बीच पानी का छींटा पड़ने को लेकर विवाद हो गया. बताया जाता है कि विश्वकर्मा पूजा को लेकर ई-रिक्शा और बाइक धोई जा रही थी. इसी दौरान पानी का छींटा पड़ने के बाद दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई.
छोटे बेटे के साथ मारपीट की जानकारी पर पहुंचे थे दीपू
बताया गया कि कहासुनी के दौरान मृतक दीपू कुमार के छोटे बेटे के साथ मारपीट की गई. इसकी जानकारी मिलने के बाद दीपू कुमार मामले को समझाने के लिए वहां पहुंचे थे. इसी दौरान विवाद बढ़ गया और चाकूबाजी शुरू हो गई.
सीने में चाकू लगने से गंभीर रूप से घायल हुए दीपू
विवाद के दौरान दीपू कुमार पर चाकू से सीने में वार किया गया. बीच-बचाव करने पहुंचे उनके 18 वर्षीय बेटे साहिल को भी सिर में चाकू लग गया. दोनों को इलाज के लिए नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान दीपू कुमार की मौत हो गई.
एनएमसीएच में चल रहा है घायल बेटे का इलाज
चाकूबाजी में घायल साहिल का इलाज एनएमसीएच में चल रहा है. उसके सिर में चाकू लगा है. पुलिस के अनुसार, घटना में घायल हुए युवक की स्थिति और इलाज से जुड़ी जानकारी अस्पताल से ली जा रही है.
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा गया शव
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने दीपू कुमार के शव को पोस्टमार्टम के लिए नालंदा मेडिकल कॉलेज भेजा. पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शुक्रवार को शव परिजनों को सौंप दिया गया.
पिता-पुत्र को पुलिस ने हिरासत में लिया
मेहंदीगंज थानाध्यक्ष पूजा कुमारी ने बताया कि गाड़ी धोने के क्रम में पानी का छींटा पड़ने के बाद दो पड़ोसियों के बीच झगड़ा हुआ. इसी दौरान हुई चाकूबाजी में 46 वर्षीय दीपू कुमार की मौत हो गई और उनका 18 वर्षीय बेटा साहिल घायल हो गया.
आरोपितों से पूछताछ कर रही पुलिस
थानाध्यक्ष ने बताया कि चाकूबाजी की घटना के आरोप में पड़ोसी राजू कुमार और उसके बेटे दीपक कुमार को हिरासत में लिया गया है. पुलिस का कहना है कि प्राथमिकी दर्ज होने के बाद गिरफ्तारी और आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच-पड़ताल कर रही है.
Also Read : बाढ़ प्रभावितों के बीच पहुंचे सीएम सम्राट चौधरी, पटना में सामुदायिक रसोई और बाल केंद्र का किया निरीक्षण
