Patna Cyber fraud: गांधी मैदान इलाके की रहने वाली एक डॉक्टर की बेटी को झांसे में लेकर साइबर बदमाशों ने करीब 80 लाख रुपये की ठगी कर ली. महिला डॉक्टर की लिखित शिकायत पर पटना साइबर थाने में बीएनएस और आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस तकनीकी आधार पर मामले की जांच कर रही है.
हाई-प्रोफाइल हस्तियों का नाम लेकर बनाया निशाना
शिकायत के अनुसार, साइबर जालसाजों ने पीड़िता की बेटी को अपने प्रभाव और दबाव में लिया. ठगों ने खुद को बिजनेसमैन सुनील भारती मित्तल के बेटे कविश भारती मित्तल और एलोन मस्क का करीबी बताकर टेलीग्राम के जरिए बातचीत शुरू की. आरोपियों ने टेलीग्राम पर फर्जी आईडी का इस्तेमाल किया और युवती का भरोसा जीत लिया. इसके बाद अलग-अलग तरह के बहाने बनाकर उससे पैसे ट्रांसफर कराने लगे.
नौकरी, शेयर और इलाज का झांसा देकर दो साल तक ऐंठे पैसे
जालसाजों ने युवती को कभी नामी कंपनियों में नौकरी दिलाने, कभी शेयरधारक बनाने तो कभी किसी आपात इलाज का बहाना बनाकर लगातार भ्रम में रखा. ठगों ने युवती से कहा कि उनका अपना बैंक खाता फ्रीज हो गया है और बाद में वे उसके सारे पैसे वापस लौटा देंगे. इस झांसे में आकर युवती अपनी मां के बचत खाते से पैसे निकालकर आरोपियों द्वारा बताए गये अलग-अलग खातों में रकम ट्रांसफर करती रही. शिकायत के अनुसार, साइबर ठगी का यह सिलसिला करीब दो साल तक चलता रहा.
खाते से रकम गायब होने पर हुआ खुलासा
मामले का खुलासा तब हुआ जब महिला डॉक्टर अपने खाते से पैसे निकालने गयीं. इस दौरान उन्हें पता चला कि खाते से भारी रकम गायब है. इसके बाद उन्होंने अपनी बेटी से पूछताछ की, तब पूरे साइबर जालसाजी के खेल की जानकारी सामने आयी.
पीड़िता ने नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने के बाद पटना साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और अब तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान और साइबर ठगी के नेटवर्क की जांच की जा रही है.
इसे भी पढ़ें:‘अंकल बचा लीजिए...’ गिड़गिड़ाती रही लड़की, नकाबपोश बदमाशों ने टेलर दुकान से खींचकर मारी गोली; पुलिस ने बताई वजह
