Fake water bottles seized from Patna Junction : पटना जंक्शन, दानापुर समेत दानापुर मंडल के कई रेलवे स्टेशनों पर गुरुवार को रेलवे की टीम ने छापेमारी कर 3000 से अधिक नकली पानी की बोतलें जब्त कीं. इस दौरान अनियमितता पाए जाने पर संबंधित दुकानदारों से करीब 50 हजार रुपये का जुर्माना भी वसूला गया. रेलवे की ओर से खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और अवैध वेंडरों के खिलाफ चलाए जा रहे जांच अभियान के तहत यह कार्रवाई की गयी.
डुप्लीकेट नाम वाली पानी की बोतलें मिलीं
सीनियर डीसीएम अभिनव सिद्धार्थ के निर्देश पर अधिकारियों और वाणिज्य निरीक्षक व सुपरवाइजर की टीम ने ट्रेनों और प्लेटफॉर्मों पर जांच अभियान चलाया. जांच के दौरान अवैध कंपनियों की पानी की बोतलों से मिलते-जुलते नाम और पैकेजिंग वाली अमानक पानी की बोतलें बरामद की गयीं. अधिकारियों के अनुसार यात्रियों से लगातार मिल रही शिकायतों के बाद डिकाय जांच अभियान चलाया गया था.
स्लीपर कोच से पेंट्रीकार तक हुई जांच
अभियान के दौरान ट्रेनों के स्लीपर कोच, पार्किंग एरिया, कैटरिंग स्टॉल, पेंट्रीकार और पे एंड यूज सुविधाओं की जांच की गयी. इस दौरान कुल 207 डिकाय जांच की गयी. जांच में सामने आयी अनियमितताओं के आधार पर पेंट्रीकार, कैटरिंग स्टॉल, पार्किंग और पे एंड यूज से जुड़े मामलों में संबंधित लोगों पर जुर्माना लगाया गया.
यात्रियों की सुविधा के लिए जारी रहेगा अभियान
सीनियर डीसीएम अभिनव सिद्धार्थ ने बताया कि रेलवे को डुप्लीकेट पानी की बोतलें बेचे जाने की जानकारी मिली थी. इसके बाद ट्रेनों और प्लेटफॉर्मों पर विशेष जांच अभियान चलाया गया. उन्होंने कहा कि यात्रियों को गुणवत्तापूर्ण खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराने और रेलवे की वाणिज्यिक इकाइयों में अनुशासन व पारदर्शिता बनाए रखने के लिए इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी.
