Patna Sahyog Shivir : पटना नगर निगम के सभी छह अंचलों में मंगलवार को सहयोग शिविर आयोजित किए गए. इन शिविरों में लोगों ने राशन कार्ड, वृद्धा पेंशन, बिजली कनेक्शन और पानी समेत अलग-अलग समस्याओं से जुड़े आवेदन दिये. शिविर में प्राप्त आवेदनों को पहले रजिस्टर्ड किया गया और संबंधित विभागों तक पहुंचाने की प्रक्रिया की गयी. पटना जिले के 23 प्रखंडों की 41 पंचायतों में आयोजित शिविरों में कुल 1337 मामले सामने आये, जिनमें 977 मामलों का निपटारा कर दिया गया.
लोगों की समस्याएं सुनकर लिया गया आवेदन
शिविरों में बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे. कई लोगों ने राशन कार्ड बनाने या उसमें सुधार कराने, पेंशन से जुड़ी दिक्कत और बिजली कनेक्शन को लेकर आवेदन दिया. पानी की समस्या से जुड़े मामले भी सामने आये. अधिकारियों और कर्मियों ने लोगों की शिकायतें सुनीं और आवश्यक जानकारी दर्ज की.
शिविर में जमा आवेदनों से संबंधित सूचना आवेदकों को मोबाइल फोन पर भेजे जाने का प्रावधान किया गया है. इससे लोगों को आवेदन की स्थिति की जानकारी मिल सकेगी और उन्हें बार-बार कार्यालय का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा.
अलग-अलग अंचलों में पहुंची लोगों की शिकायतें
नूतन राजधानी अंचल के कौशल नगर स्थित सामुदायिक भवन में सहयोग शिविर लगाया गया. यहां वार्ड पार्षद अशोक कुमार शंकर समेत निगमकर्मियों ने लोगों की समस्याएं सुनीं. पाटलिपुत्र अंचल में भी लोगों ने अलग-अलग समस्याओं को लेकर आवेदन दिये. कंकड़बाग अंचल के वार्ड संख्या 39 में अंबेडकर पार्क के पास सामुदायिक भवन में शिविर आयोजित हुआ.
शिविरों में आये लोगों की शिकायतों को संबंधित विभाग के स्तर पर भेजने की प्रक्रिया की गयी, ताकि समस्याओं का समाधान निर्धारित समय में किया जा सके.
30 दिनों में निपटाने का प्रावधान
सहयोग शिविर में जमा आवेदनों का निपटारा 30 दिनों के भीतर किया जाना है. निपटारे के बाद इसकी सूचना आवेदक के मोबाइल नंबर पर भेजने की व्यवस्था भी की गयी है. इससे शिकायत दर्ज कराने वाले लोगों को समाधान की जानकारी सीधे मिल सकेगी.
मंगलवार को आयोजित शिविरों में सामने आये 1337 मामलों में 977 का निपटारा किया गया है. बाकी आवेदनों पर संबंधित विभागों की ओर से कार्रवाई की जा रही है.
Also Read: मनेर में दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में दूसरे बाइक सवार की भी मौत, इलाज के दौरान तोड़ा दम
