CM House Bomb Threat: मुख्यमंत्री आवास, मुख्यमंत्री सचिवालय और दानापुर के चार स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद से पटना शहर में दहशत का माहौल है. हालांकि मेल पर जो समय दिया है, उसमें दोपहर 3:11 बजे मुख्यमंत्री सचिवालय को उड़ाने की धमकी दी गई थी, जो झूठी साबित हुई है.
ईमेल में धमाके का समय भी लिखा
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार सुबह 7:57 बजे मुख्यमंत्री सचिवालय को एक ईमेल मिला. इसमें दावा किया गया कि दोपहर 3:11 बजे मुख्यमंत्री सचिवालय को उड़ाया जाएगा, जो झूठी साबित हुई है. वहीं ईमेल में ये भी लिखा गया है कि रात 9:11 बजे मुख्यमंत्री कार्यालय व आवास में बम विस्फोट किया जाएगा.
ईमेल मिलते ही पुलिस और प्रशासन हरकत में आ गया. मुख्यमंत्री आवास और सचिवालय की सुरक्षा और कड़ी कर दी गई. पूरे परिसर की गहन जांच शुरू कर दी गई है.
दानापुर के 4 स्कूल भी निशाने पर
धमकी में दानापुर के चार प्रमुख स्कूलों का भी जिक्र किया गया है. इनमें आर्मी पब्लिक स्कूल, दानापुर कैंट रेडियंट इंटरनेशनल स्कूल डीपीएस सीनियर स्कूल, चांदमारी रोड डीपीएस जूनियर स्कूल, चांदमारी रोड.
एहतियात के तौर पर सभी स्कूलों को खाली करा लिया गया. छात्रों को सुरक्षित घर भेज दिया गया और परिसर में तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया.
यह भी पढ़ें : पटना के चार स्कूलों को ईमेल से बम की धमकी, तलाशी अभियान जारी
डॉग स्क्वॉड और बम स्क्वॉड ने संभाला मोर्चा
धमकी मिलने के बाद डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ता (बम स्क्वॉड) की टीमें मौके पर पहुंच गईं. मुख्यमंत्री सचिवालय, मुख्यमंत्री आवास और सभी संबंधित स्कूलों में चप्पे-चप्पे की जांच की जा रही है. पुलिस किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरत रही है.
मानसून सत्र के बीच बढ़ाई गई सतर्कता
फिलहाल बिहार विधानसभा का मानसून सत्र चल रहा है. ऐसे में राजधानी पटना में पहले से ही सुरक्षा व्यवस्था कड़ी थी. बम की धमकी मिलने के बाद पुलिस मुख्यालय और जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया है.
जांच जारी, धमकी देने वाले की तलाश
पुलिस ईमेल भेजने वाले की पहचान करने में जुटी है. साइबर विशेषज्ञों की मदद से ईमेल की जांच की जा रही है. फिलहाल किसी संदिग्ध वस्तु के मिलने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन सभी स्थानों पर सघन सर्च ऑपरेशन जारी है.
