Bunty Yadav Murder Case: पटना के चर्चित बंटी यादव हत्याकांड में इंसाफ की मांग को लेकर पीड़ित परिवार धरने पर बैठा है. इस बीच, भोजपुरी स्टार खेसारी लाल यादव पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे.
उन्होंने सरकार की शराबबंदी नीति पर तीखा हमला बोलते हुए दावा किया कि बिहार में घर-घर शराब डिलीवर हो रही है. खेसारी ने भोजपुरी इंडस्ट्री के कलाकारों से भी अपील की कि वे आगे आएं और बंटी के बच्चों के भविष्य के लिए आर्थिक मदद करें.
पटना जंक्शन से हुआ था अपहरण
यह पूरा मामला इसी महीने की 6 जुलाई का है, जब पटना जंक्शन के पास एक मार्केट से दुकानदार बंटी यादव का सरेआम अपहरण कर लिया गया था. इस किडनैपिंग का वीडियो भी सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था.
इसके बाद 11 जुलाई को अथमलगोला इलाके से बंटी का शव बरामद हुआ. बंटी की मौत के बाद से ही उसके परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे आरोपियों को फांसी देने की मांग कर रहे हैं.
पुलिस की लापरवाही पर भड़के परिजन, 4 पुलिसकर्मी सस्पेंड
बंटी के परिवार का आरोप है कि अपहरण की शिकायत लेकर जब वे थाने गए थे, तो पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया. अगर पुलिस वक्त पर चेत जाती, तो शायद बंटी की जान बच सकती थी.
इस मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में एक एएसआई समेत चार पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया है. परिजनों का यह भी दावा है कि बंटी इलाके में चल रहे सेक्स रैकेट का विरोध कर रहा था, जिसके कारण उसकी हत्या की गई.
पुलिस का हाफ एनकाउंटर और शराब कनेक्शन का दावा
पुलिस इस मामले में तेजी से कार्रवाई का दावा कर रही है. पुलिस ने मुख्य आरोपी रवीश उर्फ बीसी को एक मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली मारकर दबोच लिया, जिसे हाफ एनकाउंटर कहा जा रहा है.
पुलिस का यह भी कहना है कि बंटी यादव खुद शराब के धंधे से जुड़ा हुआ था और मुख्य आरोपी रवीश के साथ पैसों के लेनदेन और शराब के विवाद में ही उसकी हत्या की गई है.
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
सरकार अपनी नाकामी छिपाने के लिए मरे हुए को दोषी बना रही: खेसारी
पुलिस के शराब वाले दावे पर खेसारी लाल यादव ने ऐतराज जताया है. धरने पर बैठे परिवार के बीच पहुंचे खेसारी ने कहा कि जब सरकार अपनी नाकामी नहीं छिपा पाती, तो वह पीड़ित को ही दोषी ठहरा देती है.
उन्होंने कहा कि बिहार में रोज शराब की तस्करी हो रही है और होम डिलीवरी चल रही है, लेकिन पुलिस असली तस्करों को नहीं पकड़ पाती. उन्होंने सरकार से मांग की कि बंटी के बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए सरकारी मदद दी जाए और उन्हें हर हाल में न्याय मिले.
इसे भी पढ़ें: किस्तों में टूट रही है प्रशांत किशोर की पार्टी, बांकीपुर उपचुनाव से पहले जन सुराज के तीन और नेता बीजेपी में शामिल
