पटना से जयमणि की रिपोर्ट
पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल अंतर्गत बाढ़ थाना क्षेत्र के सिकंदरपुर गांव में गुरुवार सुबह सड़क किनारे एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. शव प्राथमिक विद्यालय सिकंदरपुर के पास मिला. घटनास्थल से एक देसी कट्टा भी बरामद हुआ है, जिसके बाद हत्या और आत्महत्या दोनों एंगल से जांच की जा रही है. सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए.
सिर में गोली लगने के मिले निशान
स्थानीय लोगों के अनुसार, सुबह जब ग्रामीण अपने-अपने काम से बाहर निकले तो सड़क किनारे युवक का शव पड़ा देखा. शव के सिर से खून बह रहा था और सिर में गोली लगने के निशान दिखाई दे रहे थे. वहीं शव के पास देसी कट्टा मिलने से मामला और भी संदिग्ध हो गया.
मौके पर पहुंची पुलिस, शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही बाढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी. पुलिस ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं. शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. साथ ही फॉरेंसिक जांच की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है.
मृतक की पहचान सुजीत यादव के रूप में
स्थानीय निवासी चंदन कुमार ने बताया कि मृतक की पहचान सुजीत यादव के रूप में हुई है. वह मूल रूप से बाढ़ थाना क्षेत्र के हासनचक गांव का रहने वाला था, जबकि लंबे समय से बुढ़ऊदिनचक में रह रहा था. ग्रामीणों का कहना है कि वह पिछले कुछ दिनों से मानसिक तनाव में था. हालांकि पुलिस इस जानकारी की भी पुष्टि कर रही है.
हत्या या आत्महत्या, हर पहलू की हो रही जांच
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि युवक ने खुद को गोली मारी या उसकी हत्या कर शव को सड़क किनारे फेंका गया. शव के पास देसी कट्टा मिलने के कारण पुलिस दोनों संभावनाओं पर गंभीरता से जांच कर रही है. आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और घटनास्थल के हर पहलू की बारीकी से पड़ताल की जा रही है.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा खुलासा
बाढ़ थानाध्यक्ष ब्रजकिशोर सिंह ने बताया कि मामले की जांच सभी बिंदुओं पर की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी. फिलहाल पुलिस हर संभावित एंगल से जांच में जुटी है.
