Patna News : पटना जिला के धनरूआ थाना क्षेत्र के चक्रमासी गांव की एक विवाहिता ने पति पर बिना तलाक लिए दूसरी शादी करने, मारपीट और प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है. इस मामले में मनती देवी (39) ने धनरूआ थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी है. प्राथमिकी में पति सुंदर भूषण उर्फ गौतम कुमार, ससुर रामजी प्रसाद और पति की दूसरी पत्नी अंशु कुमारी को नामजद किया गया है.
पति पर दूसरी शादी कर पटना में रहने का आरोप
मनती देवी ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी सुंदर भूषण उर्फ गौतम कुमार से हुई थी. दोनों की 12 वर्षीय बेटी अनुष्का कुमारी है. महिला के अनुसार, शादी के बाद से उसका पति पटना में रहकर काम करता था. आरोप है कि पिछले करीब 10 वर्षों से पति उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट कर शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित करता रहा है.
दो साल पहले दूसरी शादी की जानकारी मिलने का दावा
महिला का आरोप है कि करीब दो वर्ष पहले उसे जानकारी मिली कि उसके पति ने अंशु कुमारी से दूसरी शादी कर ली है और वह पटना के रामकृष्ण नगर में उसके साथ रह रहा है. इसके बाद पति ने घर का खर्च देना भी बंद कर दिया.
बेटी के साथ मारपीट और धमकी का आरोप
प्राथमिकी में महिला ने आरोप लगाया है कि पति जब भी गांव स्थित घर आता है, तो उसके और बेटी के साथ मारपीट करता है. साथ ही दोनों को घर से निकालने और जान से मारने की धमकी भी देता है. महिला ने ससुर और पति की दूसरी पत्नी पर भी गाली-गलौज, मारपीट और घर से निकालने की धमकी देने का आरोप लगाया है.
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
पीड़िता ने पुलिस से पूरे मामले की जांच कर आरोपितों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है. धनरूआ पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है. आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी.
