Patna Airport Outpost : पटना एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से हवाई अड्डा ओपी का गठन किया गया है. ओपी के लिए पुलिस पदाधिकारियों और जवानों की तैनाती भी कर दी गयी है. हालांकि, ओपी के संचालन के लिए अब तक अलग जगह उपलब्ध नहीं हो सकी है. इस कारण फिलहाल एयरपोर्ट ओपी हवाई अड्डा थाना परिसर से संचालित हो रही है.
एयरपोर्ट परिसर में ड्यूटी कर रहे पुलिसकर्मी
एयरपोर्ट ओपी में तैनात पुलिस पदाधिकारी और जवान एयरपोर्ट परिसर और आसपास के क्षेत्र में लगातार ड्यूटी कर रहे हैं. लेकिन स्थायी कार्यालय नहीं होने के कारण उन्हें रिकॉर्ड रखने, शिकायत से जुड़े काम और अन्य प्रशासनिक कार्यों के लिए अलग व्यवस्था नहीं मिल सकी है. इससे रोजमर्रा के कामकाज में परेशानी हो रही है.
ओपी में प्रभारी समेत 13 पुलिसकर्मी तैनात
एयरपोर्ट ओपी में ओपी प्रभारी के अलावा एक सब इंस्पेक्टर, एक एएसआइ और 10 जवानों की तैनाती की गयी है. सभी पुलिसकर्मी फिलहाल हवाई अड्डा थाना परिसर से ही काम कर रहे हैं. एयरपोर्ट क्षेत्र में किसी तरह की पुलिस जरूरत होने पर यही टीम मौके पर पहुंचती है.
आइजी ने जमीन चिह्नित करने का दिया निर्देश
पटना सेंट्रल रेंज के आइजी जितेंद्र राणा ने एयरपोर्ट ओपी के लिए जमीन चिह्नित करने का निर्देश दिया है. हालांकि, पटना पुलिस की ओर से अभी तक एयरपोर्ट अथॉरिटी को जमीन उपलब्ध कराने के संबंध में लिखित पत्र नहीं भेजा गया है. पत्र नहीं मिलने के कारण एयरपोर्ट अथॉरिटी की ओर से भी जमीन चिह्नित करने की प्रक्रिया शुरू नहीं हो सकी है.
पहले एयरपोर्ट के बाहर था पुलिस पोस्ट
पटना एयरपोर्ट के निकास द्वार के पास पहले पुलिस का 26 नंबर पोस्ट था. इस पोस्ट पर मुख्य रूप से वीवीआइपी मूवमेंट के दौरान सुरक्षा व्यवस्था संभाली जाती थी. एयरपोर्ट के पुनर्विकास के दौरान अस्थायी रूप से बने इस पुलिस पोस्ट को तोड़ दिया गया. इसके बाद पुलिसकर्मियों को नया स्थान उपलब्ध नहीं कराया जा सका.
पत्र मिलने के बाद शुरू होगी जमीन की प्रक्रिया
एयरपोर्ट अथॉरिटी से जुड़े अधिकारियों के अनुसार, ओपी के लिए जगह उपलब्ध कराने की प्रक्रिया निर्धारित पत्राचार के बाद ही शुरू होगी. पटना पुलिस को पहले पटना एयरपोर्ट के अधिकारियों को लिखित पत्र देना होगा. इसके बाद प्रस्ताव को एयरपोर्ट अथॉरिटी के दिल्ली स्थित मुख्यालय भेजा जाएगा. मुख्यालय से निर्देश मिलने के बाद जमीन चिह्नित करने और आगे की प्रक्रिया शुरू हो सकेगी.
फिलहाल एयरपोर्ट अथॉरिटी को नहीं मिला आवेदन
अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल एयरपोर्ट अथॉरिटी को पटना पुलिस की ओर से ओपी के लिए जमीन उपलब्ध कराने से संबंधित कोई आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है. ऐसे में ओपी के स्थायी संचालन के लिए जगह मिलने की प्रक्रिया अभी शुरुआती स्तर पर ही है.
अलग ओपी होने से तत्काल मिल सकेगा पुलिस रिस्पांस
एयरपोर्ट परिसर में अलग पुलिस ओपी होने से किसी घटना या संदिग्ध गतिविधि पर पुलिस को तत्काल कार्रवाई करने में मदद मिलेगी. अभी किसी घटना, संदिग्ध गतिविधि या अवैध सामान की बरामदगी की स्थिति में हवाई अड्डा थाना को सूचना दी जाती है. इसके बाद थाना से पुलिस पदाधिकारी और जवानों को एयरपोर्ट भेजा जाता है.
24 घंटे पुलिस की मौजूदगी से मजबूत होगी सुरक्षा
अलग ओपी शुरू होने के बाद एयरपोर्ट परिसर में पुलिस पदाधिकारी और जवानों की 24 घंटे मौजूदगी सुनिश्चित की जा सकेगी. इससे किसी घटना पर पुलिस का रिस्पांस समय कम हो सकता है. साथ ही वीवीआइपी मूवमेंट और एयरपोर्ट की नियमित सुरक्षा व्यवस्था में भी पुलिस की भूमिका अधिक प्रभावी ढंग से संचालित की जा सकेगी.
Also Read : बिहार में बढ़ रहा डिमेंशिया का खतरा, हर भूलना सामान्य बुढ़ापा नहीं, IGIMS की 100 मरीजों की स्टडी में खुलासा
