Patna Airport : पटना एयरपोर्ट पर अब गाड़ी लेकर आने-जाने वाले लोगों और उनके परिजनों के लिए राहत की खबर है. अब एयरपोर्ट पर गाड़ी लगाने के लिए घड़ी पर नजर रखना नहीं पड़ेगा. एयरपोर्ट प्रशासन ने आने-जाने वाले लोगों के लिए नई व्यवस्था लागू कर दी गई है, जिसमें अब निजी गाड़ियों को पिक एंड ड्रॉप के लिए पहले से ज्यादा समय दिया गया है. नई व्यवस्था के तहत अब 9 मिनट तक गाड़ी खड़ी करने पर कोई शुल्क नहीं लगेगा, जबकि इससे पहले यह समय सीमा 7 मिनट थी. हालांकि तय समय से ज्यादा रुकने पर अब सख्ती के साथ चार्ज वसूला जाएगा.
इस बदलाव के बाद अब यात्रियों को गाड़ी से उतरने या बैठने के लिए थोड़ा अतिरिक्त समय मिलेगा, जिससे भागदौड़ कम होगी और व्यवस्था भी बेहतर बनेगी. हालांकि प्रशासन ने यह भी साफ कर दिया है कि तय समय के बाद नियमों का सख्ती से पालन कराया जाएगा.
Patna News : समय सीमा के बाद लगेगा चार्ज
एयरपोर्ट प्रशासन के मुताबिक, 9 मिनट तक कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा. लेकिन जैसे ही यह समय सीमा पार होगी, वाहन मालिक को पार्किंग शुल्क देना पड़ेगा. यह कदम खासतौर पर एयरपोर्ट के बाहर लगने वाले जाम को कम करने के लिए उठाया गया है.
पहले कम समय मिलने के कारण लोग जल्दबाजी में रहते थे, जिससे अव्यवस्था की स्थिति बन जाती थी. अब समय बढ़ाया गया है, लेकिन नियम तोड़ने पर सख्ती भी तय कर दी गई है.
ओला-उबर समेत कमर्शियल गाड़ियों पर असर
नई व्यवस्था में ओला, उबर और अन्य कमर्शियल वाहनों के लिए अलग शुल्क तय किया गया है. अब इन गाड़ियों को एयरपोर्ट परिसर में एंट्री के लिए 55 रुपये तक देना होगा. इससे टैक्सी चालकों पर सीधा असर पड़ेगा.
प्रशासन का मानना है कि इससे अनावश्यक भीड़ कम होगी और सिर्फ जरूरत के मुताबिक ही गाड़ियां अंदर आएंगी.
ज्यादा देर रुकने पर बढ़ेगा खर्च
अगर कोई वाहन 2 घंटे से ज्यादा समय तक एयरपोर्ट परिसर में खड़ा रहता है, तो उस पर प्रति घंटे 10 रुपये अतिरिक्त शुल्क लिया जाएगा. वहीं 24 घंटे से ज्यादा समय तक गाड़ी रखने पर भारी चार्ज देना होगा.
इस नियम का मकसद साफ है कि पार्किंग का दुरुपयोग न हो और जगह खाली बनी रहे.
प्रीमियम पार्किंग का विकल्प भी मौजूद
एयरपोर्ट पर प्रीमियम पार्किंग की सुविधा भी दी गई है. यहां वाहन खड़ा करने के लिए 100 से 130 रुपये तक शुल्क देना होगा. इस सुविधा में यात्रियों को बेहतर और सुरक्षित पार्किंग मिलती है.
सामान्य पार्किंग व्यवस्था भी पहले की तरह जारी है, लेकिन वहां भी तय समय के अनुसार शुल्क लागू रहेगा.
हर दिन हजारों गाड़ियों का दबाव
पटना एयरपोर्ट पर रोजाना करीब 3 हजार से ज्यादा गाड़ियों का आवागमन होता है. इनमें निजी वाहन, टैक्सी और अन्य कमर्शियल गाड़ियां शामिल हैं. बताया जाता है कि करीब 40 प्रतिशत गाड़ियां सिर्फ पिक एंड ड्रॉप के लिए आती हैं.
प्रशासन की अपील
एयरपोर्ट प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे नए नियमों का पालन करें और समय सीमा का ध्यान रखें. इससे ट्रैफिक व्यवस्था बेहतर होगी और यात्रियों को भी सुविधा मिलेगी.
नई व्यवस्था लागू होने के बाद अब यह साफ है कि थोड़ी सी लापरवाही भी महंगी पड़ सकती है. इसलिए एयरपोर्ट जाने से पहले समय का सही हिसाब रखना जरूरी हो गया है.
Alos Read : 16 नए डिग्री कॉलेजों में सरकारी नौकरी करने का सुनहरा मौका, पटना समेत इस जिले में 192 शिक्षकों की बहाली
