Patna Accident News: (मोनु कुमार मिश्रा) दानापुर–बिहटा निर्माणाधीन एलिवेटेड सड़क परियोजना क्षेत्र में शुक्रवार तड़के हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में बीपीएससी की तैयारी कर रहे एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसा नेउरा थाना क्षेत्र के गोढ़ना गांव के पास सुबह करीब चार बजे हुआ.
पटना से बनारस जा रहे थे दोनों युवक
मृतक की पहचान मधुबनी जिले के फुलपरास थाना क्षेत्र के मुरली गांव निवासी 21 वर्षीय अंश कुमार उर्फ रंजन कुमार के रूप में हुई है. वह पटना में रहकर बीपीएससी समेत अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था. घायल युवक की पहचान मुजफ्फरपुर निवासी 26 वर्षीय रितिक कुमार के रूप में हुई है. वह भी पटना के बाजार समिति क्षेत्र में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था.
जानकारी के अनुसार दोनों युवक शुक्रवार अहले सुबह बुलेट बाइक से पटना से बनारस के लिए निकले थे. इसी दौरान गोढ़ना गांव के पास निर्माणाधीन एलिवेटेड सड़क क्षेत्र में पुल निर्माण के लिए खोदे गए गड्ढे में उनकी बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई.
मौके पर हुई मौत, साथी अस्पताल में भर्ती
हादसे में बाइक चला रहे अंश कुमार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि रितिक कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया. स्थानीय लोगों की मदद से उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया. सूचना मिलने पर नेउरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल दानापुर भेज दिया. पुलिस ने घटना की जानकारी मृतक और घायल के परिजनों को भी दे दी है.
पटना में रहकर कर रहा था बीपीएससी की तैयारी
अंश कुमार अपने परिवार की उम्मीदों को पूरा करने के लिए पटना में रहकर बीपीएससी और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था. हादसे की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
एफएसएल टीम करेगी जांच
नेउरा थाना की एसआई सह प्रभारी थानाध्यक्ष प्रियंका कुमारी ने बताया कि सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत हुई है जबकि दूसरा घायल है. मामले की जांच की जा रही है. घटना की तकनीकी जांच के लिए एफएसएल टीम को भी सूचित किया गया है.
निर्माणाधीन सड़क की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
इस हादसे के बाद दानापुर–बिहटा एलिवेटेड सड़क परियोजना की सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माणाधीन क्षेत्र में कई जगह गहरे गड्ढे हैं, लेकिन पर्याप्त बैरिकेडिंग और चेतावनी संकेत नहीं लगाए गए हैं. लोगों का आरोप है कि इसी लापरवाही के कारण पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं. हाल ही में नेउरा थाना के पास निर्माण कार्य के दौरान जगदीशपुर के एक जिला पार्षद की कार पर लोहे का हिस्सा गिर गया था. हालांकि उस घटना में कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई थी.
सुरक्षा मानकों को लेकर कार्रवाई की मांग
स्थानीय लोगों ने प्रशासन और निर्माण एजेंसी से सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने की मांग की है. उनका कहना है कि यदि निर्माणाधीन क्षेत्र में पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए तो भविष्य में और भी गंभीर हादसे हो सकते हैं.
Also Read: बेगूसराय में समसा मुखिया समेत छह गिरफ्तार, बंधक बनाकर मारपीट करने का है आरोप
