नौबतपुर से सुमित कुमार की रिपोर्ट
पटना जिले के नौबतपुर थाना क्षेत्र के चेसी गांव में बुधवार को एक दर्दनाक हादसे में पानी से भरे आहर में डूबने से दो सगे नाबालिग भाइयों की मौत हो गई. इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक का माहौल है.
छोटे भाई को बचाने के प्रयास में गई दोनों की जान
मृतकों की पहचान हुसैनचक गांव निवासी पिंटू सिंह के 14 वर्षीय पुत्र अभिजीत और 13 वर्षीय पुत्र प्रियांशु के रूप में हुई है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, धान रोपनी के दौरान प्रियांशु खेत के पास बने आहर में नहाने गया था. इसी दौरान वह गहरे पानी में डूबने लगा. छोटे भाई को बचाने के लिए अभिजीत बिना देर किए आहर में कूद पड़ा, लेकिन पानी अधिक गहरा होने के कारण दोनों भाई डूब गए.
ग्रामीणों ने बचाने का किया प्रयास
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास मौजूद ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद दोनों भाइयों को पानी से बाहर निकाला. इसके बाद उन्हें तत्काल नौबतपुर रेफरल अस्पताल ले जाया गया. चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए दोनों को बेहतर इलाज के लिए एम्स पटना रेफर कर दिया.
एम्स में इलाज के दौरान तोड़ा दम
एम्स पटना में इलाज के दौरान दोनों मासूम भाइयों की मौत हो गई. एक ही परिवार के दो बेटों की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई है और हर कोई इस दर्दनाक हादसे से स्तब्ध है.
गांव में पसरा मातम
दो सगे भाइयों की एक साथ मौत से पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है. ग्रामीणों ने प्रशासन से जलभराव वाले आहर और तालाबों के आसपास सुरक्षा के इंतजाम करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं को रोका जा सके.
