पटना में आधार-पैन से फर्जीवाड़ा, नालंदा के व्यक्ति के नाम पर 6.70 लाख का कार लोन; पीड़ित को नहीं लगी भनक

पटना में पहचान पत्रों के दुरुपयोग का एक नया मामला सामने आया है, जहां एक व्यक्ति के आधार और पैन कार्ड का इस्तेमाल कर 6.70 लाख रुपये का कार लोन लिया गया. पीड़ित को इस धोखाधड़ी के बारे में कोई जानकारी नहीं थी. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

Patna Cyber ​​Fraud : पटना में आधार और पैन कार्ड जैसे महत्वपूर्ण पहचान दस्तावेजों के गलत इस्तेमाल कर लोगों से ठगी का नया मामला सामने आया है. नालंदा जिले के एकंगरसराय निवासी आशीष कुमार केशरी ने पटना साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई है कि उनकी जानकारी और अनुमति के बिना उनके पहचान पत्रों का इस्तेमाल कर 6.70 लाख रुपये का कार लोन लिया गया. पीड़ित के मुताबिक, उन्हें इस लोन के बारे में पहले कोई जानकारी नहीं दी गई थी.

आशीष कुमार केशरी को जब इस बात की जानकारी मिली तो उन्होंने मामले को लेकर पटना साइबर थाना में लिखित शिकायत दी. उन्होंने पुलिस से पूरे मामले की जांच करने और उनकी पहचान से जुड़े दस्तावेजों का गलत इस्तेमाल करने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.

आधार और पैन कार्ड का किया गया इस्तेमाल

पीड़ित के अनुसार, एक फाइनेंस कंपनी की ओर से उनके आधार कार्ड और पैन कार्ड से जुड़े दस्तावेजों का इस्तेमाल करते हुए किसी अज्ञात व्यक्ति के नाम पर कार के लिए 6 लाख 70 हजार रुपये का लोन पास किया गया. शिकायतकर्ता का कहना है कि उन्होंने न तो इस लोन के लिए आवेदन किया था और न ही किसी अन्य व्यक्ति को अपने दस्तावेजों के इस्तेमाल की अनुमति दी थी.

पटना में गोलियों की बौछार: रामकृष्णा नगर में प्रॉपर्टी डीलर को मारी गोली, घर के बाहर खड़े शुभम को बदमाशों ने बनाया निशाना

आशीष को इस लोन की प्रक्रिया के संबंध में पहले किसी तरह की सूचना नहीं मिली. जब उन्हें इसकी जानकारी हुई तो वह हैरान रह गए. इसके बाद उन्होंने मामले की जानकारी पुलिस को दी.

पीड़ित ने साइबर थाने में दिया आवेदन

आशीष कुमार केशरी ने पुलिस उपाधीक्षक-सह-थानाध्यक्ष, पटना साइबर थाना को लिखित आवेदन देकर पूरे मामले की जांच की मांग की है. उन्होंने शिकायत में कहा है कि उनकी पहचान से जुड़े गोपनीय दस्तावेजों का अनुचित तरीके से इस्तेमाल किया गया है.

पीड़ित ने पुलिस से यह पता लगाने की मांग की है कि उनके आधार और पैन कार्ड की जानकारी आरोपित व्यक्ति तक कैसे पहुंची और इन्हीं दस्तावेजों के आधार पर कार लोन की प्रक्रिया कैसे पूरी कर दी गई.

साइबर थाना पुलिस ने शुरू की जांच

शिकायत मिलने के बाद पटना साइबर थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस अब लोन से जुड़े दस्तावेजों, आवेदन प्रक्रिया और संबंधित फाइनेंस कंपनी से जुड़ी जानकारी जुटा रही है.

जांच के दौरान यह भी पता लगाया जाएगा कि लोन के लिए किन दस्तावेजों का इस्तेमाल किया गया, आवेदन किस माध्यम से किया गया और कार लोन की राशि किसके नाम या खाते से जुड़ी है. पुलिस इन सभी बिंदुओं की जांच कर रही है.

पहचान पत्रों के गलत इस्तेमाल से जुड़ा यह मामला सामने आने के बाद अब पुलिस की जांच इस बात पर केंद्रित है कि आशीष कुमार केशरी के आधार और पैन कार्ड की जानकारी का इस्तेमाल किसने किया और फाइनेंस कंपनी से लोन हासिल करने की पूरी प्रक्रिया किस तरह पूरी की गई. पुलिस जांच के बाद ही मामले में शामिल आरोपितों की पहचान और उनकी भूमिका स्पष्ट हो सकेगी.

Also Read : पटना से रहस्यमय ढंग से लापता 10वीं की छात्रा कोलकाता से बरामद, रेलवे ट्रैक पर मिला था स्कूल ड्रेस-बैग


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Nitish kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >