Patna News : दानापुर मंडल के पटना-गया रेलखंड पर सोमवार को तारेगना स्टेशन और डुमरी जंक्शन पर विशेष टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया. सुबह छह बजे से दस बजे तक चले अभियान में 199 यात्रियों को बेटिकट या अनियमित टिकट पर यात्रा करते पकड़ा गया. इन यात्रियों से जुर्माने के रूप में 1,10,755 रुपये रेल राजस्व वसूला गया.
विभिन्न ट्रेनों में टिकटों की जांच की गयी
वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक अभिनव सिद्धार्थ के निर्देश पर सहायक वाणिज्य प्रबंधक प्रदीप कुमार के नेतृत्व में अभियान चलाया गया. इसके लिए वाणिज्य विभाग के 19 टीटीई और आरपीएफ की संयुक्त टीम तैनात की गई थी. टीम ने विशेष टिकट चेकिंग स्पेशल ट्रेन 'लाल गाड़ी' के साथ विभिन्न ट्रेनों में टिकटों की जांच की.
आठ से दस जोड़ी ट्रेनों में हुई जांच
अभियान की शुरुआत तारेगना स्टेशन पर पटना-सिंगरौली पलामू एक्सप्रेस से हुई. इसके बाद डुमरी जंक्शन पर 63241 समेत करीब आठ से दस जोड़ी ट्रेनों में सघन टिकट जांच की गई. टीम ने करीब चार घंटे तक डुमरी जंक्शन पर यात्रियों के टिकटों की जांच की.
यात्रियों से अपील, टिकट लेकर चलें
रेल प्रशासन के अनुसार, विशेष टिकट चेकिंग अभियान का असर पटना-गया रेलखंड के अन्य स्टेशनों पर भी देखने को मिला. अभियान के दौरान टिकट काउंटरों पर यात्रियों की भीड़ बढ़ी और टिकट बिक्री में भी वृद्धि दर्ज की गई. रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे वैध टिकट लेकर ही यात्रा करें.
