Patna News : पटना जिले में बसेरा अभियान के तहत सोमवार को बिक्रम प्रखंड कार्यालय के सभागार में कार्यक्रम आयोजित कर 101 भूमिहीन परिवारों के बीच मकान बनाने के लिए जमीन का पर्चा वितरित किया गया. स्थानीय विधायक सिद्धार्थ सौरभ ने लाभुकों को जमीन का पर्चा सौंपा. पर्चा मिलने के बाद भूमिहीन परिवारों में खुशी का माहौल रहा.
भूमिहीन परिवारों के घर का सपना होगा पूरा
कार्यक्रम में विधायक सिद्धार्थ सौरभ ने कहा कि हर व्यक्ति का सपना होता है कि उसका अपना घर और आशियाना हो. सरकार बसेरा अभियान के माध्यम से भूमिहीन गरीब परिवारों को आवास निर्माण के लिए जमीन उपलब्ध करा रही है. उन्होंने कहा कि जमीन का पर्चा मिलने से गरीब परिवारों के अपने घर का सपना पूरा होने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है.
101 लोगों को दिया गया जमीन का पर्चा
अंचलाधिकारी मयंक शेखर ने बताया कि बिक्रम प्रखंड क्षेत्र के कुल 101 भूमिहीन लोगों को बसेरा अभियान के तहत जमीन का पर्चा दिया गया है. उन्होंने कहा कि योजना का उद्देश्य भूमिहीन परिवारों को आवास निर्माण के लिए जमीन उपलब्ध कराकर उन्हें सुरक्षित आशियाना उपलब्ध कराना है.
लाभुकों ने जताया सरकार और प्रशासन का आभार
कार्यक्रम में सीओ मयंक शेखर, बीडीओ पंकज कुमार, बीस सूत्री अध्यक्ष अभिषेक रंजन मोंटी, जदयू अध्यक्ष सह बीस सूत्री उपाध्यक्ष सुरेश वर्मा, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार, नंद किशोर, समाजसेवी अनिल कुमार, सतीश कुमार, पंकज कुमार, अजय तिवारी, अभिजीत कुमार, संजय राम, सतीश पासवान, जितेंद्र यादव, घनश्याम शर्मा, उज्ज्वल कुमार, पिंटू कुमार, सोनू कुमार, प्रिंस पासवान, गोलू चंद्रवंशी सहित अन्य लोग मौजूद थे.
लाभुकों ने जमीन का पर्चा मिलने पर सरकार और प्रशासन के प्रति आभार जताया. लोगों ने कहा कि जमीन मिलने के बाद अब अपने परिवार के लिए पक्का मकान बनाने की उम्मीद जगी है.
