Patna Crime: धनरूआ थाना क्षेत्र के नदपुरा गांव स्थित सदीशोपुर टोला में शनिवार सुबह धान की रोपनी को लेकर हुए विवाद में एक घर पर चढ़कर आठ राउंड फायरिंग किए जाने का मामला सामने आया है. हालांकि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने मौके से दो खोखे बरामद किए हैं.
इस मामले में पलटु पासवान की शिकायत पर पास के अलीपुर गांव निवासी चितरंजन सिंह, उसके पुत्र अभय कुमार और भतीजा सुगंध कुमार के खिलाफ घर पर चढ़कर फायरिंग करने, गाली-गलौज करने और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई गई है.
आठ राउंड फायरिंग का लगाया आरोप
प्राथमिकी के अनुसार शनिवार की सुबह आरोपित पलटु पासवान के घर पहुंचे और उसकी भाभी के साथ गाली-गलौज करने लगे. विरोध करने पर आरोपितों ने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी. शिकायत में आठ राउंड फायरिंग किए जाने का आरोप लगाया गया है.
धान रोपनी को लेकर हुआ था विवाद
धनरूआ थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में धान की रोपनी को लेकर विवाद की बात सामने आई है. नामजद आरोपितों के खेत में शनिवार को धान की रोपनी होनी थी. जांच में यह भी पता चला कि पलटु पासवान की भाभी अन्य मजदूरों के साथ शुक्रवार को ही रोपनी के लिए तैयार हुई थीं, लेकिन शनिवार सुबह वे काम पर नहीं पहुंचीं.
इसी बात से नाराज होकर आरोपित अपनी संभावित आर्थिक क्षति से आक्रोशित हो गए और पलटु पासवान के घर पहुंचकर घटना को अंजाम दिया. पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
