Nitish Kumar: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के फैसले के बाद राज्य की राजनीति में हलचल तेज हो गई है. बताया जा रहा है कि राज्यसभा सांसद बनने के बाद वह मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे देंगे. हालांकि इस फैसले के बाद पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता भावुक भी दिखे.
इस बीच जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) ने साफ किया है कि नीतीश कुमार बिहार से पूरी तरह दूर नहीं होंगे. जब संसद का सत्र चलेगा तब वह दिल्ली में रहेंगे, लेकिन बाकी समय बिहार में ही बिताएंगे और यहां की राजनीति व सरकार पर नजर रखेंगे.
संजय झा ने क्या बताया?
जेडीयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने शनिवार को पटना में मीडिया से बातचीत के दौरान यह जानकारी दी. उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार किसी एक पद से बड़े नेता हैं. संजय झा के अनुसार नीतीश कुमार ने बिहार की जनता से जो वादे किए हैं, उन्हें वह कभी नहीं भूलेंगे. आने वाले समय में भी बिहार सरकार उनके मार्गदर्शन में ही काम करती रहेगी.
उन्होंने यह भी कहा कि नीतीश कुमार जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं. इसलिए पार्टी के संगठनात्मक कामकाज की जिम्मेदारी भी वे संभालते रहेंगे.
राज्यसभा चुनाव की प्रक्रिया जारी
नीतीश कुमार ने 5 मार्च को राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल किया था. राज्यसभा चुनाव के लिए 16 मार्च को मतदान होना है. अगले महीने मौजूदा राज्यसभा सांसदों का कार्यकाल खत्म हो जाएगा. इसके बाद नए सदस्य सदन में अपनी जिम्मेदारी संभालेंगे. सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, राज्यसभा सांसद बनने के बाद ही नीतीश कुमार मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देंगे.
मार्च तक सीएम पद पर बने रहने की संभावना
राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि मार्च महीने तक नीतीश कुमार मुख्यमंत्री पद पर बने रह सकते हैं. इसके बाद अप्रैल में बिहार में नई सरकार के गठन की प्रक्रिया शुरू हो सकती है. नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद राज्य को नया मुख्यमंत्री मिल सकता है. राजनीतिक जानकारों का मानना है कि अगला मुख्यमंत्री भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से हो सकता है. हालांकि इस पर अभी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है.
जेडीयू विधायकों को दिया भरोसा
इससे पहले शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास में जेडीयू विधान मंडल दल की बैठक हुई थी. इस बैठक में पार्टी के विधायक, एमएलसी और सांसद मौजूद थे. बैठक में नीतीश कुमार ने सभी नेताओं को भरोसा दिलाया कि वह उन्हें छोड़कर कहीं नहीं जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि वह पार्टी का नेतृत्व करते रहेंगे और सभी गतिविधियों पर नजर रखेंगे.
बिहार के विकास के संकल्प पर जारी रहेगा काम
नीतीश कुमार ने यह भी कहा कि राज्यसभा जाने के बावजूद वह बिहार में पर्याप्त समय देंगे. उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य के विकास से जुड़ा कोई भी काम नहीं रुकेगा. बैठक में उन्होंने पार्टी नेताओं को हाल के राजनीतिक घटनाक्रम की जानकारी भी दी. साथ ही यह स्पष्ट किया कि उनका लक्ष्य अब भी विकसित बिहार के सपने को पूरा करना है.
Also Read: नीतीश के बाद अब निशांत, कल 1 बजे JDU जॉइन करेंगे CM के बेटे, संजय झा ने किया ऐलान
