नीतीश कुमार फिर बनेंगे पार्टी के बॉस, जदयू में नेतृत्व को लेकर तस्वीर साफ

Nitish Kumar: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एक बार फिर जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष की कमान संभालने जा रहे हैं. 19 मार्च को होने वाले नामांकन के साथ ही उनकी चौथी पारी का रास्ता साफ हो जाएगा. सीएम नीतीश बहुत ही जल्द केंद्र की राजनीति करते नजर आयेंगे.

Nitish Kumar: नीतीश कुमार एक बार फिर जदयू की कमान संभालने जा रहे हैं. पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और वे सात दिन बाद इस पद पर अपनी चौथी पारी शुरू करेंगे. अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए अधिसूचना जारी हो चुकी है. नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 22 मार्च रखी गई है. नीतीश कुमार 19 मार्च को अपना नामांकन भर सकते हैं और इसके लिए जरूरी कागजों पर उन्होंने पहले ही हस्ताक्षर कर दिए हैं. उनके प्रस्तावक के तौर पर पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, जिनमें कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा भी शामिल हैं.

निर्विरोध चुने जायेंगे नीतीश कुमार

राजनीतिक गलियारों में यह भी चर्चा है कि इस पद के लिए कोई दूसरा उम्मीदवार सामने नहीं आएगा. ऐसे में नीतीश कुमार का निर्विरोध चुना जाना लगभग तय माना जा रहा है. नामांकन वापस लेने की अंतिम तारीख 24 मार्च है. इसलिए उसी दिन उनके दोबारा अध्यक्ष बनने की घोषणा हो सकती है.

कब से संभाल रहें जिम्मेदारी

नीतीश कुमार का जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में चौथा कार्यकाल होगा. इससे पहले वे 2016 में पहली बार इस पद पर आए थे. 2019 में भी वे बिना किसी मुकाबले के अध्यक्ष चुने गए थे. बाद में 2020 में उन्होंने यह जिम्मेदारी आरसीपी सिंह को दे दी थी, लेकिन 2023 में फिर से खुद अध्यक्ष बने और अब दोबारा उसी भूमिका में लौटने की तैयारी है.

बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें

देशभर के नेता पटना आयेंगे

पटना में ही जदयू की राष्ट्रीय परिषद और कार्यकारिणी की बैठक आयोजित की जाएगी. इसमें देशभर से पार्टी के प्रतिनिधि शामिल होंगे. यह भी माना जा रहा है कि पार्टी में कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष की व्यवस्था बनी रहेगी और इस भूमिका में संजय झा आगे भी काम करते रह सकते हैं. राज्य परिषद की बैठक भी जल्द होने की उम्मीद है. इसमें नीतीश कुमार बतौर अध्यक्ष पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे. जदयू में फिर से नीतीश कुमार का नेतृत्व मजबूत होता दिख रहा है और आने वाले दिनों में संगठन और राजनीति दोनों में बदलाव दिख सकता है.

इसे भी पढ़ें: बिहार के सभी जिलों में बदलेगा मौसम का मिजाज, 40-50 KMPH की रफ्तार से चलेगी हवा, बारिश का भी अलर्ट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Paritosh Shahi

परितोष शाही डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत राजस्थान पत्रिका से की. अभी प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम में काम कर रहे हैं. देश और राज्य की राजनीति, सिनेमा और खेल (क्रिकेट) में रुचि रखते हैं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >