NIOS Vocational Exam (अमृता सिंह की रिपोर्ट) : राष्ट्रीय मुक्त विद्यालयी शिक्षा संस्थान (NIOS) ने अक्टूबर-नवंबर 2026 में आयोजित होने वाली व्यावसायिक (वोकेशनल) पाठ्यक्रमों की परीक्षा के लिए ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया शुरू कर दी है. परीक्षा में शामिल होने के इच्छुक और पात्र शिक्षार्थी निर्धारित तिथि तक एनआईओएस की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं. संस्थान ने स्पष्ट किया है कि आवेदन और परीक्षा शुल्क जमा करने की प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी. ऑफलाइन आवेदन स्वीकार नहीं किये जायेंगे.
अक्टूबर-नवंबर की वोकेशनल परीक्षा के लिए वे शिक्षार्थी आवेदन कर सकते हैं, जिन्होंने अप्रैल-मई 2026 में आयोजित परीक्षा में भाग लिया था, लेकिन सफल नहीं हो सके. इसके अलावा पिछले परीक्षा परिणाम में अंकों का सुधार (इम्प्रूवमेंट) करने के इच्छुक विद्यार्थी भी आवेदन कर सकते हैं.
3 सितंबर तक बिना विलंब शुल्क के आवेदन
बिना विलंब शुल्क के आवेदन करने की अंतिम तिथि 3 सितंबर निर्धारित की गयी है. इस दौरान शिक्षार्थियों को 400 रुपये प्रति विषय या मॉड्यूल परीक्षा शुल्क देना होगा. इसमें थ्योरी, प्रैक्टिकल और इंटरनल असेसमेंट शामिल हैं.
इसके बाद 4 से 8 सितंबर तक सामान्य विलंब शुल्क के साथ आवेदन किया जा सकेगा. इस अवधि में 400 रुपये प्रति विषय के अलावा 150 रुपये प्रति विषय लेट फीस देनी होगी. इसके बाद समेकित विलंब शुल्क के साथ आवेदन करने का प्रावधान है. इसमें 400 रुपये प्रति विषय के अतिरिक्त 1,600 रुपये एकमुश्त विलंब शुल्क प्रति शिक्षार्थी देना होगा.
ऐसे करें ऑनलाइन आवेदन
शिक्षार्थी सबसे पहले voc.nios.ac.in या nios.ac.in पर जाएं. वेबसाइट के होमपेज पर Exam Registration लिंक पर क्लिक करें. इसके बाद एनरोलमेंट नंबर और आवश्यक विवरण के माध्यम से लॉगिन करें.
लॉगिन के बाद संबंधित विषय या मॉड्यूल का चयन करें. फॉर्म में मांगी गयी जानकारी भरने के बाद निर्धारित परीक्षा शुल्क का ऑनलाइन भुगतान करें और आवेदन जमा कर दें. आवेदन की रसीद भविष्य के लिए सुरक्षित रखना जरूरी है.
इसे भी पढ़ें: पटना: बख्तियारपुर में दुकान में अचानक लगी आग, 5 महीने की बच्ची समेत तीन जिंदा जले; पूजा के दौरान हादसे की आशंका
