Patna News: दानापुर-बिहटा एलिवेटेड रोड को रेलवे की मंजूरी, पटना साहिब से जेपी गंगा पथ तक बनेगा फोरलेन

Patna News: पटना साहिब आने वाले यात्री इस मार्ग से नॉन स्टॉप कंगन घाट, दीदारगंज, गाय घाट अथवा दीघा जेपी सेतु पहुंच सकते हैं. गंगा पथ से पटना घाट तक छह लेन रोड होगी.

Patna News: जेपी गंगा पथ से पटना साहिब रेलवे स्टेशन तक नया फोरलेन संपर्क पथ बनेगा. इसके लिए रेलवे बोर्ड ने मंजूरी दे दी है. अब रेलवे की पुरानी रेल पटरी सहित 18.54 एकड़ भूमि पर फोरलेन का निर्माण होगा. बिहार सरकार की वर्ष 2019 से प्रस्तावित इस परियोजना को रेलवे बोर्ड ने कुछ शर्त के साथ मंजूरी दी है. बिहटा-दानापुर एलिवेटेड रोड के लिए भी रेलवे ने खगौल में 14.38 एकड़ जमीन बिहार सरकार को देने के प्रस्ताव को स्वीकृति दी है. इसके लिए बिहार सरकार वीर कुंवर पार्क (हार्डिंग पार्क) की 4.80 एकड़ जमीन के साथ 98.24 करोड़ रुपये रेलवे को भुगतान करेगी.

अब बनेगा नया फोरलेन संपर्क पथ

दानापुर-बिहटा एलिवेटेड रोड का निर्माण चल रहा है, लेकिन जेपी गंगा पथ से पटना साहिब तक संपर्क पथ का कार्य की शुरुआत नहीं हुई. क्योंकि रेल मंत्रालय की मंजूरी के इंतजार में रुका हुआ था. रेलवे बोर्ड द्वारा बिहार सरकार के साथ जमीन बदलने का अनुमोदन वर्ष 2019 में किया गया था. रेल मंत्रालय की मंजूरी से दानापुर स्टेशन के पास 14.3830 एकड़ रेलवे की जमीन बिहटा-दानापुर एलिवेटेड कारिडोर के लिए देना था. पटना घाट से पटना साहिब रेलवे स्टेशन तक 18.5495 एकड़ रेलवे की जमीन आदान-प्रदान करने की बात थी. इसके बदले में पटना जंक्शन के पास वीर कुंवर सिंह हार्डिंग पार्क की 4.8009 एकड़ जमीन रेलवे को देने का प्रस्ताव था. हालांकि रेलवे की जमीन ज्यादा थी, इसलिए आधारभूत संरचना विकास के लिए समान मूल्य के आधार पर सशर्त मंजूरी रेलवे बोर्ड ने दे दी है.

अटल पथ जैसा पटना साहिब टू जेपी गंगा पथ होगा फोरलेन

पटना साहिब आने वाले यात्री इस मार्ग से नॉन स्टॉप कंगन घाट, दीदारगंज, गाय घाट अथवा दीघा जेपी सेतु पहुंच सकते हैं. गंगा पथ से पटना घाट तक छह लेन रोड होगी. वहीं अशोक राजपथ क्रासिंग के पास ऊपर दो लेन फ्लाई ओवर होगा. आर ब्लॉक से दीघा तक रेल पटरी और भूमि पर बना अटल पथ की तरह ही पटना साहिब रेलवे स्टेशन से जेपी गंगा पथ तक फोरलेन का निर्माण होगा. पटना सिटी में अशोक राजपथ के उपर से यह फोरलेन गुजरेगी. बिहार राज्य पथ विकास निगम करीब 57 करोड़ की लागत से इस पथ का निर्माण कराएगा.

Also Read: Bihar: ‘जब तक फौजी नहीं, तब तक शादी नहीं’, यहां के युवाओं की शपथ जान रह जाएंगे हैरान

रेलवे ट्रैक हटाकर बनेगा फोरलेन

पूर्व में पटना साहिब से पटना घाट तक रेलवे लाइन थी. इस रेलवे लाइन पर ट्रेनों का परिचालन काफी पहले बंद हो चुका है. गुरुगोविंद सिंह के 350 वें प्रकाश पर्व के मौके पर 2017 में इस मार्ग का निर्माण होना था, लेकिन रेलवे से अनुमति नहीं मिलने के कारण कार्य की शुरुआत नहीं हो सकी. बतादें कि जिस तरह से दीघा-आर ब्लाक रेल लाइन को हटाकर अटल पथ का निर्माण कराया गया है. उसी प्रकार से अब पटना साहिब -पटना घाट रेल लाइन को हटाकर आधुनिक फोरलेन का निर्माण कराया जाएगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

राधेश्याम कुशवाहा ने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से MJ (मास्टर ऑफ जर्नलिज्म) की शिक्षा प्राप्त करने के बाद अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत भोपाल से प्रकाशित राज एक्सप्रेस समाचार पत्र से की. इसके बाद उन्होंने समय जगत, राजस्थान पत्रिका और हिंदुस्तान जैसे प्रतिष्ठित समाचार संस्थानों में अपनी सेवाएं दीं. वर्तमान में वे प्रभात खबर के डिजिटल विभाग में धर्म, अध्यात्म एवं राशिफल डेस्क पर कार्यरत हैं. पत्रकारिता के क्षेत्र में 13 वर्षों का अनुभव रखने वाले राधेश्याम कुशवाहा को ज्योतिष शास्त्र, पंचांग गणना, ग्रह गोचर, नक्षत्र परिवर्तन, व्रत-त्योहारों की तिथियों तथा शुभ मुहूर्तों का गहन ज्ञान है. अपनी विशेषज्ञता के आधार पर वे धर्म-अध्यात्म और राशिफल से जुड़ी सटीक, तथ्यपरक एवं विश्वसनीय खबरें लिखते हैं. धार्मिक ग्रंथों के अध्ययन में उनकी विशेष रुचि है. इसके अलावा राजनीति, अपराध और प्रेरणादायक (पॉजिटिव) विषयों पर लेखन में भी उनकी गहरी रुचि है.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >