पटना में NEET की तैयारी कर रही छात्रा ने की आत्महत्या, हॉस्टल के कमरे में फंदे से लटका मिला शव

Patna NEET Student Suicide News: पटना में NEET परीक्षा की तैयारी कर रही समस्तीपुर की एक छात्रा ने हॉस्टल के कमरे में फंदे से लटककर जान दे दी. पुलिस मामले की जांच कर रही है. शुरुआती जांच में एक युवक द्वारा परेशान किए जाने की बात सामने आई है.

Patna NEET Student Suicide News: (नितिश सिंह की रिपोर्ट)

पटना के पत्रकार नगर थाना क्षेत्र से एक दुखद खबर सामने आई है. NEET परीक्षा की तैयारी कर रही एक छात्रा ने हॉस्टल के कमरे में फंदे से लटककर जान दे दी. मृतका की पहचान समस्तीपुर निवासी श्रुति कुमारी के रूप में हुई है. घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है.

सुबह कमरे में नहीं दिखी तो हुआ शक

जानकारी के अनुसार, श्रुति सचिवालय कॉलोनी के रोड नंबर-2ए स्थित एक हॉस्टल में रहकर मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रही थी. बताया जा रहा है कि सोमवार रात वह खाना खाने के बाद अपने कमरे में सोने चली गई थी.

मंगलवार सुबह जब वह काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं निकली तो हॉस्टल में रहने वाली अन्य छात्राओं को शक हुआ. कई बार आवाज देने के बावजूद अंदर से कोई जवाब नहीं मिला. इसके बाद दरवाजे को धक्का दिया गया, जो खुल गया. कमरे के अंदर का दृश्य देखकर सभी लोग हैरान रह गए. श्रुति फंदे से लटकी हुई मिली. तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी गई.

हॉस्टल संचालिका ने पुलिस को दी जानकारी

घटना की जानकारी मिलते ही हॉस्टल संचालिका आभा सिंह ने पत्रकार नगर थाना पुलिस को सूचित किया. पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. घटना की सूचना मिलने के बाद पटना में रहने वाले छात्रा के रिश्तेदार भी हॉस्टल पहुंच गए.

सहेली से शेयर की थी परेशानी

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, श्रुति ने हाल के दिनों में अपनी कुछ परेशानियों का जिक्र अपनी एक सहेली से किया था. सहेली ने उसे कुछ दिन के लिए घर जाने की सलाह भी दी थी. बताया जा रहा है कि वह करीब 10 दिन पहले ही अपने घर से पटना लौटी थी.

मोबाइल की जांच में जुटी पुलिस

पुलिस मामले की जांच कर रही है. शुरुआती जांच में कुछ ऐसे संकेत मिले हैं कि एक युवक उसे परेशान कर रहा था. हालांकि, पुलिस ने अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है.

छात्रा की मां शिक्षिका हैं, जबकि पिता किसान हैं. पुलिस मोबाइल फोन की जांच कर रही है. साथ ही एफएसएल की टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं. अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मामले की पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी.

Also Read: पत्नी को पढ़ाने के लिए बेची जमीन, दिलाई स्कूटी, BPSC टीचर का पति बोला- बॉयफ्रेंड से रातभर करती थी बात, दार्जिलिंग भी साथ गई

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Abhinandan pandey

भोपाल से शुरू हुई पत्रकारिता की यात्रा ने बंसल न्यूज (MP/CG) और दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अनुभव लेते हुए अब प्रभात खबर डिजिटल तक का मुकाम तय किया है. वर्तमान में पटना में कार्यरत हूं और बिहार की सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को करीब से समझने का प्रयास कर रहा हूं. गौतम बुद्ध, चाणक्य और आर्यभट की धरती से होने का गर्व है. देश-विदेश की घटनाओं, बिहार की राजनीति, और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि रखता हूं. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स के साथ प्रयोग करना पसंद है.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >