Patna Crime News : दानापुर के शाहपुर थाना क्षेत्र के सिकंदरपुर में 25 जुलाई को बबन कुमार की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान सिकंदरपुर निवासी राकेश कुमार के रूप में हुई है. पुलिस ने उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त पिस्तौल और मृतक का मोबाइल बरामद किया है.
भाई के बयान पर नौ लोगों के खिलाफ केस
एसडीपीओ अजीत कुमार ने मंगलवार को प्रेस वार्ता में बताया कि मृतक के भाई पप्पू के बयान पर नौ लोगों को नामजद करते हुए प्राथमिकी दर्ज करायी गयी थी. घटना के बाद सिटी एसपी पश्चिमी के निर्देश पर एसडीपीओ के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की.
बालू में छिपाकर रखी थी पिस्तौल
मामले के उद्भेदन के लिए विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया था. जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने राकेश कुमार को गिरफ्तार किया. उसकी निशानदेही पर पुलिस ने उसके घर में बालू में छिपाकर रखी गयी घटना में प्रयुक्त पिस्तौल और मृतक का मोबाइल बरामद किया.
अवैध संबंध को लेकर हत्या का आरोप
एसडीपीओ ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे अवैध संबंध से जुड़ा विवाद सामने आया है. पुलिस के अनुसार, राकेश की मां के साथ बबन के कथित अवैध संबंध को लेकर वह आक्रोशित था. इसी विवाद में राकेश पर बबन को गोली मारकर हत्या करने का आरोप है.
