Patna Weather News : बिहार में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है और इसका असर प्रदेश के कई जिलों में देखने को मिल रहा है. पिछले कुछ दिनों से रुक-रुक कर हो रही बारिश ने मौसम का मिजाज बदल दिया है. मौसम विज्ञान केंद्र ने शनिवार को पटना समेत 19 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है.
इन इलाकों में आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है. साथ ही तेज हवा चलने की संभावना है, जिसकी रफ्तार 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है.
पटना में 11 अगस्त तक छाए रहेंगे बादल
राजधानी पटना में 8 अगस्त से 11 अगस्त तक मौसम बदला हुआ रहेगा. इस दौरान आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है और बीच-बीच में बारिश भी हो सकती है. मौसम विभाग के अनुसार पटना में अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है.
शनिवार यानी आज भी शहर के कई इलाकों में तेज बारिश होने की संभावना जताई गई है. पिछले 24 घंटे की बात करें तो पटना और बेगूसराय समेत पांच जिलों में बारिश दर्ज की गई. पटना में दिनभर बादल छाए रहे और कुछ जगहों पर हल्की बूंदाबांदी भी हुई.
इन 19 जिलों में अलर्ट
बारिश और खराब मौसम को लेकर अलर्ट जारी किया गया है, इनमें पटना, भोजपुर, बक्सर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, अरवल, जहानाबाद, गया, नालंदा, नवादा, शेखपुरा, लखीसराय, बेगूसराय, खगड़िया, मुंगेर, जमुई, बांका और भागलपुर शामिल हैं.
इन सभी जिलों में बारिश के साथ वज्रपात की आशंका है. साथ ही तेज हवा भी चल सकती है. ऐसे में लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है, खासकर खुले स्थानों पर जाने से बचने को कहा गया है.
उत्तर बिहार में हल्की, दक्षिण बिहार में भारी बारिश के आसार
मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक शनिवार को उत्तर बिहार के अधिकतर जिलों में हल्की बारिश हो सकती है. वहीं मध्य और दक्षिण बिहार के कई हिस्सों में भारी बारिश के आसार हैं.
पटना में भी दिनभर बादल छाए रहने की संभावना है. कुछ इलाकों में तेज बारिश हो सकती है, जिससे तापमान में गिरावट और उमस से राहत मिलने की उम्मीद है. पटना में आज न्यूनतम तापमान 28 डिग्री के आसपास रहेगा, वहीं अधिकतम तापमान 34 डिग्री दर्ज किया गया.
बगहा में 300 घरों में घुसा गंडक का पानी
पश्चिम चंपारण जिले के बगहा में गंडक नदी का जलस्तर बढ़ने से हालात चिंताजनक हो गए हैं. यहां दो पंचायतों के करीब 300 घरों में नदी का पानी घुस गया है. लगातार हो रही बारिश और बढ़ते जलस्तर ने ग्रामीणों की परेशानी बढ़ा दी है.
निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को खासतौर पर सावधान रहने क जरूरत है. प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है, लेकिन लोगों की चिंता बढ़ी हुई है.
बिहार में अब भी 35 प्रतिशत बारिश की कमी
मानसून सक्रिय होने के बावजूद बिहार में अभी भी सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई है. मौसम विज्ञान केंद्र के आंकड़ों के अनुसार राज्य में अब तक 362.5 मिलीमीटर बारिश हुई है.
जबकि इस अवधि में सामान्य तौर पर 560.4 मिलीमीटर बारिश होनी चाहिए थी. यानी अब भी करीब 35 प्रतिशत बारिश की कमी बनी हुई है.
कुछ जिलों में सामान्य से अधिक बारिश
हालांकि पूरे राज्य में स्थिति एक जैसी नहीं है. कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, बक्सर और गया जैसे जिलों में सामान्य या सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई है.
वहीं कई जिलों में अब भी बारिश कम हुई है. ऐसे में आने वाले दिनों में होने वाली बारिश किसानों और जलस्रोतों के लिए राहत साबित हो सकती है.
बारिश के दौरान सावधानी जरूरी
मौसम विभाग ने लोगों को चेतावनी दी है कि खराब मौसम के दौरान सतर्क रहें. आकाशीय बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए खुले मैदान और पेड़ के नीचे खड़े होने से बचें.
फिलहाल बिहार में मानसून पूरी तरह सक्रिय है और अगले कुछ दिनों तक कई जिलों में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है.
