अब पुनपुन से पटना सिर्फ 15 मिनट में, मीठापुर-सिपारा एलिवेटेड रोड तैयार, इस दिन से दौड़ सकती हैं गाड़ियां

Patna Elevated Road: पटना में ट्रैफिक जाम से राहत देने वाली परियोजना अब जल्द शुरू हो सकती है. मीठापुर-सिपारा का 2.1 किमी एलिवेटेड रोड लगभग तैयार है. 15 अगस्त से इस पर गाड़ियों के दौड़ने की संभावना है. इससे दक्षिण पटना से शहर का सफर काफी आसान और तेज हो जाएगा.

Patna Elevated Road: पटना में ट्रैफिक की परेशानी कम करने वाली बड़ी परियोजना अब जल्द जमीन पर दिखने वाली है. मीठापुर से सिपारा के बीच बना 2.1 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड रोड लगभग तैयार हो गया है. अब सिर्फ कालीकरण और ड्रेनेज पाइप सिस्टम का थोड़ा काम बाकी है.

बिहार राज्य पथ विकास निगम के अधिकारियों के मुताबिक, यह काम अगले तीन-चार दिनों में पूरा हो सकता है. सब कुछ तय समय पर रहा तो 15 अगस्त से इस एलिवेटेड रोड पर गाड़ियों का परिचालन शुरू होने की संभावना है.

दक्षिण पटना से मीठापुर पहुंचना होगा आसान

इस एलिवेटेड रोड के शुरू होने के बाद पुनपुन और दक्षिण पटना से आने वाले लोगों को बड़ी राहत मिलेगी. अभी पुनपुन से पटना पहुंचने में करीब 45 मिनट तक लग जाते हैं.

नई सड़क शुरू होने के बाद दक्षिण पटना से आने वाले लोग एलिवेटेड रोड के जरिए करीब 15 मिनट में मीठापुर गोलंबर पहुंच सकेंगे. इसके बाद शहर के कई हिस्सों में जाना आसान होगा. यानी सफर सिर्फ छोटा नहीं होगा, बल्कि जाम में फंसने की परेशानी भी काफी कम हो सकती है.

मीठापुर से शहर के कई हिस्सों तक आसान होगी कनेक्टिविटी

मीठापुर गोलंबर पहुंचने के बाद लोगों को शहर के अलग-अलग हिस्सों तक जाने के लिए कई रास्ते मिलेंगे.

विधानसभा, सचिवालय और वीरचंद पटेल पथ से आयकर गोलंबर तक पहुंचना आसान होगा. वहीं बुद्धमार्ग से बेली रोड, कंकड़बाग और एग्जीबिशन रोड होते हुए गांधी मैदान जाना भी सुविधाजनक होगा.

इसके अलावा गंगा पथ के जरिए पटना के पूर्वी हिस्से और जेपी सेतु के रास्ते उत्तर बिहार की ओर जाना भी आसान हो सकेगा.

पूरी परियोजना करीब 11 किलोमीटर की

मीठापुर-सिपारा एलिवेटेड रोड अकेली परियोजना नहीं है. यह करीब 11 किलोमीटर लंबे पूरे कॉरिडोर का हिस्सा है.

इसमें तीन प्रमुख हिस्से हैं.

  • मीठापुर-सिपारा: 2.1 किलोमीटर एलिवेटेड रोड तैयार.
  • मीठापुर-महुली रोड: करीब 8.8 किलोमीटर लंबी सड़क से कनेक्शन.
  • पुनपुन तक: करीब 2.2 किलोमीटर एट-ग्रेड फोरलेन सड़क.

इन सभी हिस्सों के जुड़ने से दक्षिण पटना और शहर के बीच कनेक्टिविटी काफी बेहतर होने की उम्मीद है.

सिपारा आरओबी से जुड़ने में लगेगा थोड़ा और समय

सिपारा आरओबी के रास्ते मीठापुर-महुली एलिवेटेड रोड पर चढ़ने और उतरने के लिए अप्रोच रोड का काम चल रहा है. इसके लिए बिहार राज्य सड़क विकास निगम ने रेलवे से 70 घंटे का ब्लॉक मांगा है. इसलिए इस हिस्से को पूरा होने में अभी थोड़ा समय लग सकता है.

फिलहाल बाइपास के दक्षिणी हिस्से में भूपतिपुर की ओर से एलिवेटेड रोड पर चढ़ने के लिए अप्रोच रोड तैयार हो गया है. हालांकि, अभी उतरने की सुविधा नहीं मिलेगी. एलिवेटेड रोड से उतरने के लिए गया रेलवे लाइन पर सिपारा आरओबी का काम पूरा होने का इंतजार करना होगा.

करबिगहिया गोलंबर भी 15 अगस्त तक हो सकता है चालू

मीठापुर-सिपारा एलिवेटेड रोड के साथ करबिगहिया गोलंबर के लिए भी अच्छी खबर है. इसे मीठापुर से जोड़ने वाला अप्रोच तैयार हो गया है. अब यहां सिर्फ कालीकरण का काम बचा है. काम समय पर पूरा हुआ तो 15 अगस्त तक करबिगहिया गोलंबर भी चालू होने की संभावना है.

इसके शुरू होने से बाइपास की तरफ से पुराने मीठापुर बस स्टैंड होते हुए आने वाले वाहन सीधे फ्लाईओवर पकड़कर मीठापुर गोलंबर पहुंच सकेंगे. इसी तरह पटना शहर से मीठापुर गोलंबर होकर बाइपास की ओर जाना भी आसान होगा.

बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें

करबिगहिया के नीचे जाम से मिल सकती है राहत

करबिगहिया गोलंबर के नीचे अक्सर वाहनों का दबाव रहता है. फ्लाईओवर और अप्रोच रोड के चालू होने से ट्रैफिक का बड़ा हिस्सा ऊपर से निकल सकेगा. इससे गोलंबर के नीचे वाहनों का दबाव कम होने और जाम से राहत मिलने की उम्मीद है.

CM ने किया निरीक्षण, जल्द काम पूरा करने का निर्देश

शुक्रवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मीठापुर-सिपारा एलिवेटेड रोड और करबिगहिया गोलंबर परियोजना का निरीक्षण किया. उन्होंने अधिकारियों से काम में तेजी लाने को कहा. सरकार की कोशिश है कि दोनों परियोजनाओं को जल्द से जल्द आम लोगों के लिए खोल दिया जाए.

अगर 15 अगस्त से मीठापुर-सिपारा एलिवेटेड रोड और करबिगहिया गोलंबर का परिचालन शुरू हो जाता है, तो दक्षिण पटना से शहर के बीच सफर का तरीका काफी बदल जाएगा. पुनपुन और आसपास के इलाकों से आने वाले लोगों को इसका सबसे बड़ा फायदा मिलने की उम्मीद है.

Also Read: 11 अगस्त के बाद क्या करेंगे प्रशांत किशोर? बांकीपुर उपचुनाव में BJP क्यों हारी और RJD के लिए कैसे बढ़ा खतरा



प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अभिनंदन पांडेय

भोपाल से शुरू हुई पत्रकारिता की यात्रा ने बंसल न्यूज (MP/CG) और दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अनुभव लेते हुए अब प्रभात खबर डिजिटल तक का मुकाम तय किया है. वर्तमान में पटना में कार्यरत हूं और बिहार की सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को करीब से समझने का प्रयास कर रहा हूं. गौतम बुद्ध, चाणक्य और आर्यभट की धरती से होने का गर्व है. देश-विदेश की घटनाओं, बिहार की राजनीति, और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि रखता हूं. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स के साथ प्रयोग करना पसंद है.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >